Banda: सबके सोने के बाद घरों से निकले, फिर प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर दे दी जान, युवती की 22 को आनी थी बारात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर कर दी जान।

बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र के नंदना गांव के पास रेलवे ट्रैक में ट्रेन से कटकर प्रेमी युगल ने जान दे दी। युवती की 22 जून बारात को आनी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

बांदा, अमृत विचार। शुक्रवार रात घर से निकले प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। दोनो के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े मिले। वहां से गुजर रहे गैंग मैन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनो मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। 

गिरवां थाना क्षेत्र के छिबांव गांव निवासी रोशनी उर्फ बूदी (17) पुत्री शिवकुमार वर्मा का पड़ोस में ही रहने वाले राकेश वाल्मीकि (23) पुत्री मुन्नीलाल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की रात दोनो लोग घर से निकल गए और नंदना गांव के पास रेलवे ट्रैक में पहुंचकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। शनिवार की सुबह प्रेमी युगल के शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में पड़े पाए गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा तो उन्हें पहचान लिया।

घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर दोनो मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो शव कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने बताया कि करीब ढाई माह पहले गांव के ही बच्चों ने दोनो को आपस में बात करते देखा था। उनके बताने पर उसने बेटी को डांटा था। उसने अपनी बेटी की शादी बिसंडा थाना क्षेत्र के थनैल गांव में तय कर दी थी।

शिवरात्रि के दिन उसकी बरीछा भी की थी। 22 जून को बारात आनी थी। शुक्रवार शाम को वह खेत से घर आई। सभी लोगों के साथ खाना खाया। इसके बाद कमरे सोने चली गई। रात को किस समय वह घर से निकल गई, इस बात की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। पिता ने यह भी बताया कि उसकी बेटी अपने होने वाले मंगेतर से अक्सर फोन पर बात भी करती थी। उसने कभी भी शादी का विरोध नहीं किया। रात को मां की नींद खुली तो देखा रोशनी घर से गायब थी। दरवाजे खुले पड़े थे। बेटी को गायब देख परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। सुबह घटना की जानकारी हुई। वह तीन बहनों में बड़ी थी।

उधर, मृतक राकेश के परिजनों ने बताया कि वह खुरहंड रेलवे स्टेशन में प्राइवेट सफाई कर्मचारी था। इतना ही नहीं वह आसपास की दुकानों में भी सफाई का कार्य करता था। इसी से वह अपने परिवार का भरण पोषण करता था। पिता ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह तड़के ही सफाई करने के लिए निकल जाता था। उसने रात को सभी लोगों के साथ खाना खाया। खाना खाने के बाद पिता-पुत्र की चारपाई पर अगल-बगल पड़ी हुई थी, वह लेट भी गया था। वह घर से कब निकल गया, इसकी जानकारी नहीं हुई। सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक में पड़ा होने की जानकारी मिली।

परिजनों ने बताया कि दोनो के प्रेम-प्रसंग के बारे में आसपास के लोगों से सुनने को मिलता था, लेकिन उन्हें इस बात का विश्वास नहीं था। मृतका के परिजनों ने भी किसी बात का उलाहना नहीं दिया। थानाध्यक्ष अतर्रा मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक-युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। दोनो के परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।

संबंधित समाचार