बस में यात्रियों को बिना टिकट ले जाने के मामले में हटाए गए बदायूं के एआरएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़ के यातायात अधीक्षक ने कासगंज में रोडवेज बस में बिना टिकट पकड़े थे 23 यात्री

बदायूं, अमृत विचार। लगातार कार्रवाई होने के बाद भी रोडवेज बसों के चालक और परिचालकों की कार्यशैली नहीं सुधर पा रही है। मानदेय काटने से लेकर सेवा समाप्ति की भी कार्रवाई हो चुकी है इसके बाद भी बिना टिकट यात्रा कराने का क्रम जारी है।

कासगंज में बदायूं डिपो की रोडवेज बस में 23 यात्रियों के बिना टिकट पकड़े जाने पर संबंध चालक और परिचालक की संविदा समाप्त हो चुकी है। परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट की गई है। अब सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को भी हटा दिया गया है। उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वाराणसी परिक्षेत्र के धर्मेंद्र कुमार बदायूं के नए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक होंगे।

मंगलवार को सुबह 11 बजे बदायूं डिपो के संविदा चालक ओमकार सिंह और संविदा परिचालक प्रवीन कुमार गंजडुडवारा रोड पर बदायूं डिपो की रोडवेज बस यूपी 25 एटी 5617 लेकर गए थे। बस में सवार किसी यात्री ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) अशोक कुमार को परिचालक को फोन करके परिचालक के शराब के नशे में होने की शिकायत की थी।

एआरएम ने अलीगढ़ के प्रवर्तन दल के यातायात अधीक्षक अरविंद मिश्रा से संपर्क किया। संबंधित रोडवेज बस चेक करने का अनुरोध किया था। कहा कि अगर आसपास हो तो बस को चेक कर लें। परिचालक के शराब पीने की शिकायत की है। यातायात अधीक्षक ने निरीक्षण किया तो मामला कुछ और ही निकला।

रोडवेज बस में 33 यात्री सवार थे। जिनमें से 23 के पास टिकट तक नहीं थे जबकि उन्होंने परिचालक को टिकट के लिए रुपये दिए थे। परिचालक ने किराए के नाम पर उनसे 1165 रुपये लिए थे। एआरएम की तहरीर पर परिचालक प्रवीन कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यातायात अधीक्षक की ओर से आख्या मिलने के बाद संविदा चालक और परिचालक की सेवा समाप्त हुई थी। जिसके बाद शासन स्तर से एआरएम अशोक कुमार को मुख्यालय संबद्ध किया गया है।

यह भी पढ़ें- Budaun: ट्रकों की भिड़ंत में दो चालकों की मौत, दो युवक घायल

संबंधित समाचार