Budaun: ट्रकों की भिड़ंत में दो चालकों की मौत, दो युवक घायल
शुक्रवार की सुबह थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव ज्योरा पारवाला के पास हुआ हादसा
फोटो- शवों के पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों से जानकारी करता पुलिसकर्मी।
बदायूं, अमृत विचार। शुक्रवार की सुबह मुजरिया-कछला मार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। दोनों ट्रकों के चालकों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों चालकों के शव काटकर बाहर निकाले गए। पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जिला बिजनौर के थाना नूरपुर क्षेत्र के गांव उमरी नूरपुर निवासी सतेंद्र कुमार (19) पुत्र सुभाष चंद्र और उनके बड़े भाई नेपाल सिंह ट्रक चलाते थे। दूर-दराज के जिले और राज्यों से सामान लाने और ले जाकर परिवार का पालन पोषण करते थे। शुक्रवार को वह जलाने वाले लकड़ी लादकर ललितपुर से अमरोहा जिले में जा रहे थे।
ट्रक सतेंद्र चला रहे थे। वहीं जिला एटा के थाना सकरौली क्षेत्र के थाना बाबरपुर निवासी अफजल खां (28) पुत्र सलीम खान उत्तराखंड से ट्रक में सीट कागज लेकर आगरा जा रहे थे। उनके साथ ट्रक में उनके गांव के राहत अली पुत्र शफी मोहम्मद भी थे। ट्रक अफजल खां ट्रक चला रहे थे।
दोनों ट्रक कछला-मुजरिया मार्ग पर थाना मुजरिया क्षेत्र में गांव ज्योरा पारवाला के पास पहुंचे थे। दोनों ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। राहगीरों ने ट्रक से चारों लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन दोनों ट्रक आगे से पूरी तरह से क्षतिगस्त थे। राहगीर भीतर से किसी को बाहर नहीं निकाल सके। पुलिस को सूचना दी।
थाना मुजरिया पुलिस ने ट्रकों का आगे का हिस्सा कटवाया। क्रेन और जेसीबी मंगवाकर ट्रकों को अलग करके बाहर निकलवाया। दोनों ट्रक के चालक सतेंद्र कुमार और अफजल खान की मौत हो चुकी थी और नेपाल सिंह व राहत अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देते हुए घायलों को जिला अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर घायलों को आगरा के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलने के बाद मृतक और घायलों के परिजन आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
यह भी पढ़ें- Budaun: मस्जिद के बाहर भिड़े सपा नेता आबिद रजा और फखरे अहमद शोबी, जमकर गाली-गलौज...धक्का मुक्की
