गरमपानी: हाईवे पर पलटा खड़िया से लदा ट्रक, यातायात ठप
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौरासी के समीप खड़िया से लदा वाहन राजमार्ग के बीचोंबीच पलट गया। करीब तीन घंटे यातायात ठप रहा। जेसीबी मशीन से वाहन को हटाए जाने के बाद यातायात सुचारू हुआ।
रविवार को वाहन चालक आनंद रौतेला वाहन में बागेश्वर से खड़िया लाद हल्द्वानी को रवाना हुआ। सुबह लगभग छह बजे के आसपास वह जौरासी क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था कि एकाएक वाहन मलबे के ढेर पर चढ़कर असंतुलित होकर राजमार्ग पर ही पलट गया। वाहन के राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने से आवाजाही ठप हो गई।
छोटे-बड़े वाहन जहां तहां फंस गए। आवाजाही कर रहे लोगों ने वाहन के अंदर फंसे चालक आनंद को बाहर निकाला। आवाजाही ठप होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एनएच की जेसीबी मशीन को भी मौके पर बुलाया गया। तब जाकर तीन घंटे बाद राजमार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
