एसजीपीजीआई : तीन दिवसीय सर्जिकल कार्यशाला आयोजित, बेसिक,लैप्रोस्कोपिक के साथ वैस्कुलर सर्जरी का प्रशिक्षण लेंगे डॉक्टर
लखनऊ, अमृत विचार। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में तीन दिवसीय सर्जिकल कार्यशाला का रविवार को शुरूआत हुई है। इस कार्यशाला में कई विभागों के चिकित्सक हिस्सा लेंगे और सर्जरी के गुर सीखेंगे।
दरअसल, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में एंडोक्राइन सर्जरी विभाग द्वारा आयोजित सर्जिकल कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर के धीमन किया। इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर संजय धीराज, एंडोक्राइन सर्जरी के विभागाध्यक्ष प्रो गौरव अग्रवाल, डॉ. ज्ञान चंद, डॉ. अंजलि मिश्रा, डॉ. सबारत्नम, पीडियाट्रिक सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार, डॉ. अंकुर मंडेलिया तथा अन्य विभाग के सीनियर रेजिडेंट उपस्थित रहे।
कार्य शाला के संयोजक डॉ. ज्ञान चंद ने बताया कि तीन दिन तक चलने वाली यह कार्यशाला जोंसन एंड जॉनसन इंस्टीट्यूट ऑन व्हील्स के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इस कार्यशाला में ओपन सर्जिकल, बेसिक तथा लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के अलावा वैस्कुलर सर्जरी की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। कार्यशाला में एनिमल टिश्यू पर वैसल्स एनस्टोमोसिस और बॉवेल एनास्टोमोसिस की भी ट्रेनिंग दी जाएगी।
संस्थान मे कार्यरत सर्जिकल सुपर स्पेशलिस्ट रेजिडेंट डॉक्टर्स का प्रशिक्षण अनुभवी ट्रेनर विक्रम की देख-रेख में संपन्न होगा। इस प्रकार की कार्यशाला से संस्थान के सर्जिकल प्रशिक्षार्थियों को विभिन सर्जिकल स्किल्स में कुशल अभ्यास होगा।
कार्यशाला में एंडोक्राइन सर्जरी के अलावा, पीडियाट्रिक सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, वैस्कुलर सर्जरी, गायनोकोलॉजी, जर्नल सर्जरी और अन्य सर्जिकल विभाग के चिकित्सक भी हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : शाहजहांपुर से सपा की मेयर पद प्रत्याशी अर्चना वर्मा बीजेपी में शामिल, कई नेताओं की हुई एंट्री
