LaLiga : बार्सिलोना ने रोका एटलेटिको का विजय अभियान, पहली बार स्पेनिश लीग का खिताब जीतने के करीब पहुंचा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैड्रिड। बार्सिलोना ने एटलेटिको मैड्रिड के पिछले छह मैचों से चले आ रहे विजय अभियान को रोककर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में खिताब जीतने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। बार्सिलोना ने फेरान टोरेस के 44वें मिनट में किए गए गोल की मदद से एटलेटिको को 1-0 से हराया जिससे वह चार साल में पहली बार स्पेनिश लीग का खिताब जीतने के करीब पहुंच गया है। 

बार्सिलोना के 30 मैचों में 76 अंक हैं और उसने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड पर 11 अंक की बढ़त हासिल कर ली है। रियाल मैड्रिड के 30 मैचों में 65 अंक हैं। अभी आठ दौर के मैच होने बाकी हैं।

 एटलेटिको का इस हार से पिछले 13 मैचों से चला आ रहा अजेय अभियान भी थम गया। वह 30 मैचों में 60 अंक लेकर तीसरे स्थान पर बना हुआ है। अन्य मैचों में सेविला ने विल्लारियाल को 2-1 से जबकि वेलेंसिया ने एल्ची को 2-0 से हराया। 

नैपोली ने युवेंटस को हराया, अगले सप्ताह जीत सकता है सेरी ए का खिताब 
रोम। गियाकोमो रासपदोरी के दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में किए गए गोल की मदद से नैपोली ने युवेंटस को 1-0 से हराया और वह अगले सप्ताह इटालियन फुटबॉल लीग सेरी ए का खिताब अपने नाम कर सकता है। इस जीत से नैपोली ने दूसरे नंबर पर काबिज लाजियो पर 17 अंक की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। नैपोली के अब 31 मैचों में 78 अंक हो गए हैं जबकि लाजियो के इतने ही मैचों में 61 अंक है। युवेंटस 31 मैचों में 59 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। अगर नैपोली अगले शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर सलेर्निटाना को हरा देता है और इंटर मिलान उसी दिन बाद में लाजियो को जीत दर्ज करने से रोक देता है तो फिर नैपोली छह दौर पहले ही खिताब अपने नाम कर लेगा। यह पिछले तीन दशक से भी अधिक समय में पहला अवसर होगा जबकि नैपोली सेरी ए का खिताब जीतेगा। एक अन्य मैच में इंटर मिलान ने रोमेलु लुकाकू के दो गोल की मदद से इंपोली को 3-0 से पराजित किया। 

ये भी पढ़ें :  सीडब्ल्यूजी बैठक : भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती-तीरंदाजी और कबड्डी को शामिल करने पर दिया जोर 

संबंधित समाचार