अयोध्या : भाजपा महापौर व 60 पार्षद प्रत्याशियों ने संयुक्त रूप से दाखिल किया नामांकन
अमृत विचार, अयोध्या । भाजपा से अयोध्या नगर निगम महापौर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी व सभी 60 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों ने संयुक्त रूप से नामांकन दाखिल किया। नामांकन के उपरान्त गांधी पार्क में सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही शामिल हुए। नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि अयोध्या के विकास के लिए सरकार ने हजारों करोड़ की परियोजनाएं दी है।
अयोध्या की महिमा व गरिमा को लौटाने का कार्य योगी सरकार ने किया है। अयोध्या का विकास करके उसके अतीत के गौरव को पुनर्जीवित करने में यहां के महापौर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अब डबल इंजन की सरकार के साथ नगर निगम चुनाव में जीत दिलाकर त्रिपल इंजन कर दीजिये। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पूरे विश्व की निगाह अयोध्या के ऊपर है। महापौर व पार्षद प्रत्याशियों के विजय के बाद यहां विकास को सम्बल मिलेगा। जिससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं का मन प्रफुल्लित हो जायेगा।
सभा को चुनाव के सह प्रभारी व एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, विधायक अमित सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, डॉ. बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह, पूर्व चेयरमैन विजय गुप्ता शामिल रहे। संचालन नगर निगम चुनाव संयोजक कमलेश श्रीवास्तव ने किया। संजय शुक्ला, बालकृष्ण वैश्य, सुशील जायसवाल, नीरज श्रीवास्तव रिंकू, डॉ. अवधेश वर्मा, जितेन्द्र दूबे मिंटू, सुनील तिवारी शास्त्री, अनुजदास, अशोका द्विवेदी, विजय लक्ष्मी जायसवाल, अमल गुप्ता, ओम मोटवानी, अमीरचंद्र जायसवाल, सुप्रीत कपूर, सचिन सरीन, इन्द्रभान सिंह, रमापति त्रिपाठी प्रमुख रूप से शामिल रहे। महंत गिरीश पति त्रिपाठी के नामांकन के दौरान प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद लल्लू सिंह, नगर निगम चुनाव के सह प्रभारी प्रांशु दत्त द्विवेदी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : अरुण गोविल ने की महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात, राम मंदिर के संघर्षों पर बना रहे हैं फिल्म
