हल्द्वानी: "गवाही दी तो तेरे ससुराल वालों को भेज दूंगा वीडियो और फोटो...."
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कराई है दुष्कर्म की रिपोर्ट
गवाही न देने के लिए आरोपी के भाई ने दी है जान की धमकी
हल्द्वानी, अमृत विचार। दुष्कर्म के आरोपी का भाई पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहा है। धमकी दे रहा है कि अगर उसने कोर्ट में उसके खिलाफ गवाही दी तो वह उसकी अश्लील फोटो और वीडियो उसके ससुराल वालों को भेज देगा। मामला मुखानी थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने कहा, आरोपी राहुल सिंह के खिलाफ 323, 504, 506, 354 (ग), 376, व 384 के तहत मुखानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि राहुल सिंह के परिवार वाले उस पर गवाही न देने का दबाव बना रहे हैं। बावजूद इसके बीती 20 अप्रैल पीड़िता ने बयान दर्ज कराए। शेष बयान 25 अप्रैल को दर्ज होने हैं।
आरोप है कि 10 अप्रैल को राहुल सिंह के पिता मोर सिंह ने पीड़िता के घर आकर बयान न देने को कहा और देख लेने की धमकी दी। 18 अप्रैल को राहुल के भाई सुरेश सिंह और उसकी मां रामकली ने घर आकर बयान न देने का दबाव डाला और गाली-गलौज की। 22 अप्रैल को सुरेश सिंह ने व्हाट्सएप मैसेज भेजे और लिखा, 'तुझे तेरे घर समझा के आया तब भी तेरी समझ में नहीं आई। तूने कोर्ट में मेरे भाई के खिलाफ बोला।
राहुल का फोन मेरे पास है। 25 तारीख को तूने कोर्ट में मेरे भाई राहुल के खिलाफ गवाही दी तो मैं तेरे फोटो, वीडियो तेरे ससुराल वालों और यूट्यूब पर डाल दूंगा। अपनी और अपने परिवार की सलामती चाहती है तो मेरे भाई भाई के खिलाफ गवाही मत देना, नहीं तो तूझे जान से ही मार दूंगा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
