लखीमपुर-खीरी: गश्त कर रहे सिपाही पर बदमाशों ने झोंका फायर, घायल
मैगलगंज खीरी, अमृत विचार। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के लिधियाई मोड़ के पास चोरी के प्रयास के दौरान कोबरा गश्त पर निकले सिपाहियों से हुए संघर्ष के दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायर कर दिए। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से सिपाही गंभीर घायल हो गया। जिसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। एसपी ने मौका मुआयना करते हुए घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए हैं।
मैगलगंज कोतवाली में तैनात सिपाही अनिल सिंह चौहान व राहुल कुमार सोमवार रात कोबरा गश्त के दौरान बाइक से क्षेत्र में थे। तभी खखरा ग्राम पंचायत स्थित लिधियाई मोड़ के पास एक दुकान के बाहर टीन शेड पर कुछ बदमाश चढ़ते दिखे। जिन्हें पुलिस कर्मियों ने ललकारते हुए घेरने का प्रयास किया। भागते समय दो बदमाशों का पीछा कर रहे सिपाही अनिल ने एक को दबोच लिया तभी दूसरे बदमाश ने फायरिंग करनी शुरू कर दी दो गोलियां सिपाही के लगीं जिनमें एक बाएं हाथ की बगल में व दूसरी हांथ में लगने से वह गंभीर घायल हो गया। अन्य बदमाशों का पीछा कर रहे दूसरे सिपाही राहुल कुमार ने फायरिंग की आवाज सुनकर वापस लौट आया इस दौरान सभी बदमाश भागने में सफल रहे। सूचना पाकर मंगलवार सुबह एसपी ने मौका मुआयना करते हुए बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश मैगलगंज पुलिस को दिए हैं। वहीं घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम को भी लगाया गया है।
मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के खखरा नई बस्ती में सोमवार रात चोरों ने सर्राफ के मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। गृहस्वामी के मुताबिक चोर यहां से सत्तर हजार की नगदी चोरी कर ले गए गनीमत रही कि चोर तिजोरी खोलने में नाकाम रहे। घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी गई है। कस्बे के बरगावां मार्ग स्थित नई बस्ती खखरा निवासी गुरमीत गुप्ता उर्फ गुरु रेलवे क्रॉसिंग पर सर्राफा का व्यवसाय करते हैं। मंगलवार रात अज्ञात चोरों द्वारा इनके मकान के पीछे बल्ली के सहारे चोर छत पर चढ़ गए, जिसके बाद चोर बालकनी के रास्ते जीने से नीचे उतर आए और कमरे की अलमारी में रखे सत्तर हजार रुपए चोरी कर ले गए।
गृहस्वामी ने बताया कि कमरे में ही तिजोरी व उसकी चाभी भी रखी थी। लेकिन चोर तिजोरी खोलने में असफल रहे जिसके चलते जेवरात सुरक्षित बच गए। नगदी चुराने के बाद चोर मेन दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए। गृहस्वामी ने बताया कि लगभग 12 बजे के बाद जब उन्हें चोरी होने की जानकारी हुई तो रात में ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने रात में ही मौका मुआयना किया था। पुलिस को घर के बाहर मिट्टी में दाभिन चाभियों का गुच्छा व मकान के पीछे बल्ली पड़ी बरामद हुई है। घटना की लिखित तहरीर मैगलगंज पुलिस को दी गई है। पुलिस का अनुमान है कि सिपाही गोलीकांड व इस घटना में शामिल अपराधी एक ही हैं जिन्होंने पहले चोरी की व बाद में दूसरी जगह चोरी का प्रयास करते समय वह पुलिस की नजर में आ गए।
मंगलवार रात मैगलगंज कस्बे में हुई चोरी व चोरी के प्रयास के समय पुलिस पर चोरों द्वारा की गई फायरिंग की घटना में शामिल लोग एक ही गैंग के होने का अनुमान लगाया जा रहा है क्योंकि रात लगभग साढ़े बारह बजे बरगावां मार्ग पर सर्राफ के घर चोरी की वारदात हुई। इस घटना के ठीक एक घंटे बाद लिधियाई मोड़ के पास चोरी करने का प्रयास करते समय पहुंचे पुलिसकर्मियों द्वारा घेरे जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर एक सिपाही को गोली मार देने की घटना को अंजाम दे दिया। इन दोनों वारदातों के बीच समय का अंतर व दोनों घटनास्थल के बीच की दूरी, दोनों ही चीजें एक दूसरे से तालमेल खा रहीं हैं। पुलिस भी इस अनुमान पर अपना कार्य कर रही है।
बरगावां मार्ग पर सर्राफ के घर हुई चोरी की वारदात में बदमाश जिस बल्ली के सहारे छत पर चढ़े हैं वह बल्ली उसी मोहल्ले में किराए पर बल्ली वारदाने का काम करने वाले शिवकुमार तिवारी के यहां से बदमाशों द्वारा उठाई गई थी। मकान से बल्ली उठाकर ले जाने का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। जिसमें तीन लोग बल्ली उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं सिपाही गोलीकांड में भी अब तक तीन लोगों का ही जिक्र सामने आ रहा है। जिसमें दोनों सिपाहियों ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस को देख भागे बदमाशों में से दो को सिपाही अनिल सिंह चौहान ने व तीसरे को सिपाही राहुल कुमार ने दौड़ाया था। कुल मिलाकर इन दोनों घटनाओं में अभी तक तीन बदमाश शामिल होने के बात सामने आ रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है हालांकि इंस्पेक्टर दीपक कुमार राय के मुताबिक सीसीटीवी कैमरा दूर लगा होने के कारण फुटेज में बदमाशों की संख्या तो स्पष्ट हो रही है लेकिन उनका हुलिया व पहनावा साफ दिखाई नहीं दे रहा है।
अब तक की तफ्तीश में सिपाही गोलीकांड की घटना के तार सीतापुर जनपद से जुड़े होने के कयास पुलिस लगा रही है क्योंकि मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र की सीमा सीतापुर व हरदोई जनपद की सीमा से जुड़ा हुआ है। मैगलगंज में पूर्व में हुईं घटनाओं में सीतापुर जनपद के अपराधियों की संलिप्तता पाई गई थी। पुलिस पूर्व में हुई घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों का भी लेखा जोखा खंगाल रही है। इसके अलावा सिपाही गोलीकांड की घटना की सूचना पर मंगलवार सुबह एसपी खीरी गणेश प्रसाद साहा ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण करते हुए मोहल्ले के लोगों से जानकारी की। वहीं एसपी ने लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती घायल सिपाही का हालचाल पूछने के बाद उसकी बहादुरी की सराहना की। एसपी ने घटनास्थल के पीछे मोहल्ले से होते हुए रेलवे ट्रैक तक पहुंचकर बदमाशों के भागने का रास्ता देखकर भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने बताया कि शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी हिंसा: सुप्रीम कोर्ट ने कहा, निचली अदालत में हर दिन सुनवाई संभव नहीं
