बाजपुर: पर्वतीय क्षेत्रों में घूमने जाने वाले सैलानियों को करना पड़ा परेशानी का सामना 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। नगरीय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का बुरा हाल है। भगत सिंह चौक व रेलवे क्रॉसिंग पर दिनभर में कम से कम चार से 5 बार जाम लगता है। एक बार पटरी से उतरी व्यवस्था घंटों तक बिगड़ी रहती है। रोज-रोज लगने वाले जाम से जनता पूरी तरह से हलकान है। स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल आदि पर्वतीय क्षेत्र में घूमने जाने वाले सैलानियों को भी खासी जहमत उठानी पड़ रही है।

बाजपुर शहर से होकर गुजर रहा स्टेट हाइवे काफी चौड़ा है, लेकिन अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था व पक्की रोड किनारे तक पसरा अतिक्रमण जाम का कारण बन रहा है। वैसे तो जाम लगने के कई कारण हैं, लेकिन इसमें मुख्यत: शहर में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने चार पहिया वाहनों को मुख्यमार्ग पर दुकानों के सामने रोड पर पार्क कर देते हैं और घंटों शॉपिंग में मशगूल हो जाते हैं।

इतना ही नहीं कई बार तो टोकाटाकी करने पर ये वाहन चालक दुकानदारों से भी लड़ने को तैयार हो जाते हैं। हालांकि, तहसील व गुरुद्वारा साहिब की भूमि में पार्किंग की व्यवस्था है, लेकिन नाममात्र का किराया बचाने के चक्कर में लोग इन पार्किंग का प्रयोग नहीं करते। बुधवार को दिनभर में भगत सिंह चौक पर कई बार जाम लगा जिसके चलते स्थानीय लोगों, राहगीरों के साथ ही बाहर से उत्तराखंड की पहाड़ी वादियों में सैर करने आने वाले सैलानियों को भी जाम की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय प्रशासन व पुलिस भी शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई खास तबज्जो नहीं दे रहे हैं। भगत सिंह चौक पर ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मी भी ज्यादातर समय मूकदर्शक बने बैठे रहते हैं। भगत सिंह चौक पर पूरी तरह से जाम लगने के बाद ही मजबूरी में उठकर जाम खुलवाने आगे आते हैं, लेकिन तब तक स्थिति इतना विकराल रूप धारण कर लेती है जिसे पटरी पर लाने में घंटों लग जाते हैं।

संबंधित समाचार