रुद्रपुर: तराई में फिर छह डिग्री सेल्सियस बढ़ा तापमान, अभी और करेगी गर्मी परेशान
रुद्रपुर, अमृत विचार। तराई में पिछले दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद अचानक छह डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। इससे एक बार फिर लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में मौसम के साफ रहने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।
विगत दिनों पहाड़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश के साथ ही मैदानी इलाकों में कई स्थानों में हल्की बारिश हुई थी। इस कारण 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान में 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि इससे पूर्व तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं दो दिन तक मौसम सामान्य रहने के बाद फिर तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो गयी है।
जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि गुरुवार को तराई का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा 28 फीसदी और उत्तर पश्चिम दिशा से 1.2 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चली। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने के साथ ही तापमान में और बढ़ोतरी होगी।
