Etawah: खड़े ट्रक में घुसे बाइक सवार, दो भाइयों की मौत, औरैया में तिलक चढ़ाने जा रहे थे, खुशियां मातम में बदली
इटावा में सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत।
इटावा के बकेवर थानाक्षेत्र में खड़े ट्रक में बाइक सवार घुस गए। हादसे में दोनों भाइयों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
इटावा, अमृत विचार। Etawah Accident बकेवर थानाक्षेत्र के ग्राम टिलीटिला के सामने हाइवे पर गुरुवार की रात करीब दस बजे दो बाइक सवार युवक सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
चौकी प्रभारी महेवा रविन्द्र सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात करीब दस बजे नगला जैक -पृथ्वीपुर थाना इकदिल निवासी मोहित पुत्र चन्द्रप्रकाश उम्र करीब 18 वर्ष व आनन्द पुत्र सर्वेश कुमार उम्र करीब 20 वर्ष औरैया की ओर किसी गाँव मे निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। दोनों युवक हेलमेट भी लगाये थे। रास्ते में ही दोनों सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जा घुसे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुँचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सड़क के किनारे रखे अवैध खोखे बन रहे दुर्घटना का कारण
यह केवल एक ही दुर्घटना नहीं, बल्कि साल भर में दर्जन भर ऐसी दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं। जिनमें लोग असमय मौत के मुंह जा चुके है। इसके बाबजूद भी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नहीं चेता है। अब सवाल यह है कि आखिर प्राधिकरण कितनी और मौतों का इंतजार कर रहा।
पुलिस व राजस्व विभाग ने कई बार अतिक्रमण हटाने की कवायद
इसी जगह पर पांच माह पहले ट्रक दुर्घटना में सगे दामाद-ससुर काल के गाल में समा गए थे। तब राजस्व विभाग ने नाप जोख करके अधिग्रहित जगह से कब्जा हटाने के लिए राजमार्ग प्राधिकरण से कहा था ।
आखिर टोल की भाँति क्यों नहीं की कार्यवाही
जिस प्रकार अजीतमल थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोल के आसपास अतिक्रमण हटाया गया। वैसी ही कार्यवाही बकेवर से अनन्तराम तक क्यों नहीं की जा रही है। सवाल यह उठता है कि क्या एनएचएआई के अधिकारी कर्मचारी इन दुकानों को क्यों नहीं हटवाये रहे है।
अधिग्रहित भूमि पर ही रखे दुकानें
सड़क के दोनों ओर राजमार्ग द्वारा अधिग्रहित भूमि निष्प्रयोग पड़ी है। अवैध खोखे व दुकानों वाले इसी पर व्यवसाय करते और हाईवे तक सामान रखते हैं। जिससे ट्रक वालों को सड़क पर ही वाहन खड़ा करना पड़ता है। जो अक्सर दुर्घटना का कारण बनता है।
