सितारगंज: पति के हत्यारोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतक की पत्नी, सभासद व बजरंग दल ने एसडीएम से की मुलाकात

रज्जन के पुत्र को निशुल्क शिक्षा, सिडकुल में स्थाई नौकरी, मुआवजे की कैबिनेट मंत्री से की मांग

सितारगंज, अमृत विचार। सिडकुल रोड पर दिनदहाड़े मजदूर की हत्या के मामले में सभासद व बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ मृतक की पत्नी एसडीएम कार्यालय पहुंची। उन्होंने हत्यारे को फांसी की सजा देने दिलाने की मांग की।

सभासद रवि रस्तोगी ने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से मृतक के बच्चों को निशुल्क शिक्षा, सिडकुल में स्थाई नौकरी और मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया। कहा कि पत्नी और पांच छोटे बच्चे हैं। पीड़ित के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।

मृतक की पत्नी बच्चों के साथ किराये के मकान में गुजर बसर करती हैं। पति की हत्या के बाद बच्चों की शिक्षा और रोजगार को लेकर परिवार में सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल है। जिस पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने एसडीएम को हर संभव मदद के लिए निर्देशित किया है। 


26 अप्रैल को सिडकुल रोड में बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद गणेश मंदिर निवासी मजदूर रज्जन सैनी पुत्र मिश्रीलाल की हनीफ कसगर ने दिनदहाड़े सड़क में चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को बजरंग दल कार्यकर्ता और सभासद रवि रस्तोगी के साथ मृतक रज्जन की पत्नी कमला एसडीएम तुषार सैनी के पास पहुंची। कमला देवी ने कहा कि आरोपी ने उसका परिवार उजाड़ दिया। उसके पति रंजन सैनी घर में इकलौता कमाने वाला था। 



बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिया ज्ञापन 

दिनदहाड़े रज्जन सैनी की हत्या के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने मृतक की पत्नी के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिसमें बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कहा है असामाजिक तत्व देवभूमि की शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हत्यारोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष गुरुदयाल सिंह उपाध्यक्ष छत्रपाल सिंह, मृतक का पुत्र अमित सैनी, दिनेश भट्ट, राधेश्याम रस्तोगी आदि मौजूद थे। 

 

संबंधित समाचार