भीमताल: अवैध रूप से चल रहे होम स्टे पर कार्रवाई की मांग
भीमताल, अमृत विचार। नगर में चल रहे अवैध होम स्टे पर कार्रवाई की मांग अब मुखर होने लगी है। बीते दिन होम स्टे में महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की घटना के बाद शुक्रवार को नौकुचियाताल में जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया की अध्यक्षता में निजी गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र में चल रहे अवैध होम स्टे पर जांच की मांग की। जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने बताया कि पूर्व में हुई विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में विधायक राम सिंह कैड़ा ने पुलिस प्रशासन और अधिकारियों को टीम गठित कर भीमताल में चल रहे अवैध होम स्टे की जांच करने को कहा था।
लेकिन दो हफ्ते से अधिक समय के बाद भी अभी तक कोई भी जांच नहीं की गई। एक हफ्ते के अंदर भीमताल क्षेत्र में होम स्टे की जांच नहीं की गई तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक में अनिल चनौतिया जिला पंचायत सदस्य, यशु पोखरिया, हेम उप्रेती, सुशील उप्रेती, नवीन पंत, पुष्पा पलड़िया, नीतू दानू, बीना जोशी, कंचन पंत आदि मौजूद रहे।
