Haldwani News: प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, जिला योजना में 64.98 करोड़ के प्रस्तावों पर लगी मुहर
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक शुक्रवार को बागजाला स्थित प्रसार प्रशिक्षण केंद्र में संपन्न हुई।
बैठक की शुरुआत पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. चंदन रामदास को श्रद्धांजलि देकर हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 64.98 करोड़ के अनुमोदन हुआ। इसमें सामान्य वर्ग को 51,76,14000 रुपये व अनुसूचित जाति उप योजना के लिए 12.47 करोड़ और अनुसूचित जनजाति उप योजना के लिए 75 लाख के बजट का अनुमोदन हुआ। इस बार बजट में पिछले की सापेक्ष 26 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि स्थानीय प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन करें। योजनाएं बनाने में जनप्रतिनिधि व अधिकारी आपसी समन्वय बनाएं। उन्होंने जलसंस्थान व जलनिगम के अधिकारियों को जलजीवन मिशन में हर घर को नल व जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- Dehradun News: निजी कंपनी के अकाउंटेंट के घर से करोड़ों का कैश बरामद, जांच में जुटा इनकम टैक्स
अधिकारियों को सरकारी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में भी पेयजल आपूर्ति का इंतजाम करने को कहा। सख्त लहजे में कहा कि जिला योजना में जो नए प्रस्ताव लिए हैं, उनको निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिकायत करते हुए बताया कि उरेडा की ओर से क्षेत्र में लगाई गईं सोलर लाइट्स में शिकायत होने पर हेल्प लाइन नंबर दिया है लेकिन इस नंबर पर कभी बात नहीं हो पाती है। इस पर मंत्री ने उरेडा के परियोजना अधिकारी को नई लाइट्स में विभागीय नंबर प्रकाशित करवाने के निर्देश दिए।
जिला योजना समिति के सचिव/जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि जिला योजना 2023-24 में माध्यमिक शिक्षा में 2 करोड़ 15 लाख से 24 स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम बनाए जाएंगे। 11 इंटर कॉलेज की लैब में उपकरण दिए जाएंगे। 20 हजार बच्चों को कुमाउनी बोली की पुस्तकें वितरित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष से नए प्रोजेक्ट्स में जियो टैगिंग अनिवार्य की गई है ताकि भौतिक प्रगति पर ही दूसरी किश्त जारी की जाए। हर हाल में योजना को 2 साल में पूरा करना होगा। पलायन रोकने, स्वरोजगार बढ़ावा को 10 प्रतिशत, कृषि एवं कृषि संबद्ध क्षेत्रों में 15 प्रतिशत की धनराशि अनुमोदित की है। इस वर्ष 14 करोड़ लागत के नए प्रोजेक्ट शामिल किए गए है।
यह भी पढ़ें- Dehradun News: निजी कंपनी के अकाउंटेंट के घर से करोड़ों का कैश बरामद, जांच में जुटा इनकम टैक्स
