Atiq-Ashraf Murder Case : एसआईटी को दो शूटरों से मिले 4 मोबाईल नम्बर, पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों से होगी पूछताछ
अमृत विचार, प्रयागराज। अतीक-अशरफ हत्याकांड के मामले में एसआईटी को दो शूटर की निशानदेही पर 4 मोबाइल नंबर मिले है। उन चारों नंबर की काल डिटेल पुलिस खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखे कुछ लोगो को भी बुलाकर पूछताछ करेगी। इसमें पुलिसकर्मी और काल्विन अस्पताल से जुड़े कर्मचारी भी शामिल हैं।
काल्विन अस्पताल में 15 अप्रैल को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की तीन शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद शूटर लवलेश तिवारी, अरुण मौर्या, और सनी सिंह ने सरेन्डर कर दिया था। पुलिस ने तीनों को जेल भेजने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ भी किया था। एसआईटी पूछताछ में तीनों शूटरों से कई अहम सुराग मिले थे। उनकी निशानदेही पर स्टेशन के सामने एक होटल में छापेमारी के दौरान दो मोबाईल, सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर बरामद किए गए थे। जांच के बाद एसआईटी को दो शूटर लवलेश तिवारी और अरुण मौर्या से पूछताछ में 4 मोबाईल नम्बर भी मिले है। उन नम्बरो की जांच कराई जा रही है। चारो नम्बरो को ट्रेस किया जा रहा है। नंबरों के आधार पर टीम जांच कर रही है कि घटना के पहले किस-किस नंबर पर बात की गई है और किससे की गई है। नम्बरों के आधार पर अन्य की तलाश की जाएगी।
वही दूसरी तरफ एसआईटी ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। जिसमें करीब 35 लोगो को चिन्हित किया गया है। इनमें 21 पुलिसकर्मी भी शामिल बताये जा रहे हैं। एसआईटी टीम अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से भी पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद आने वाली रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
ये भी पढ़ें -Afzal Ansari: अफजाल अंसारी को कोर्ट ने सुनाई 4 साल की सजा, लगा एक लाख का जुर्माना
