बरेली: झमाझम बारिश से मौसम हुआ ठंडा, सात डिग्री गिरा तापमान
4 मई को अधिक बारिश का अनुमान, 12 डिग्री तक लुढ़क सकता है तापमान
बरेली, अमृत विचार। शनिवार रात में तेज बारिश से मौसम में काफी बदलाव हुआ। रविवार को सुबह से धूप के साथ बादल छाए रहे लेकिन दोपहर बाद अचानक फिर मौसम बदला और बारिश हुई। इसकी वजह से मौसम ठंडा हो गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से सात और न्यूनतम छह डिग्री लुढ़क गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 12 डिग्री तक लुढ़क सकता है। 3 मई को सबसे अधिक बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुमान के रविवार को 5 एमएम बारिश दर्ज की गई। सोमवार को बादल छाए रहेंगे। रविवार को अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिससे अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो गया है। इस कारण ही आंधी और बारिश की संभावना बनी है। बताया कि 4 मई तक आंधी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट हो सकती है।
बताया कि रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम 12 डिग्री तापमान गिरने की संभावना है। 4 मई तक करीब 40 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। 3 मई को सबसे अधिक 15 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना बन रही है। अधिकतम तापमान 28, न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
गन्ने को फायदा, पालेज को नुकसान
चार-पांच दिनों तक बारिश होती है तो उससे गन्ने की फसल को काफी फायदा मिलेगा लेकिन पालेज की फसलों को नुकसान होने की संभावना है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस वक्त गेहूं की फसल कट चुकी है। गेहूं या तो किसान ने बेच दिया है या फिर उसे सुरक्षित रख लिया है। ऐसे में खेत खाली हैं। किसानों को सलाह दी है कि वह बारिश के बाद ढैंचा की बुवाई करें। तैयार होने पर उसकी खेत में जुताई कर दें, ताकि हरी खाद से मृदा की उर्वरा शक्ति बढ़ सके।
यह भी पढ़ें- बरेली: नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत, जमकर हंगामा...इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप
