Bareilly: चुनावी मौसम में बारिश... गड़े मुद्दे फिर बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोशल मीडिया पर जलभराव और कीचड़ की तस्वीरों के साथ आम लोगों की तीखी प्रतिक्रियाओं की भरमार

बरेली, अमृत विचार। चुनावी मौसम में अचानक हुई तेज बारिश ने शहर में उन तमाम मुद्दों को एकाएक फिर जिंदा कर दिया जो कुछ समय से ठंडे पड़े हुए थे। सड़कों और मोहल्लों में पानी भरने और कीचड़ से चलना मुश्किल होने के बाद सोशल मीडिया पर एकाएक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। तमाम लोगों ने अपने इलाके की तस्वीरें पोस्ट करने के साथ अपील की कि नेता जब वोट मांगने आएं तो उन्हें अपने इलाके का हाल दिखाकर सवाल जरूर किया जाए।

सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं संजयनगर इलाके के लोगों की हैं जहां कई सालों से मुख्य सड़क का निर्माण अधूरा पड़ा है। बारिश के बाद रविवार को यहां पानी भरने से सड़कों पर निकलने वाले लोग दिक्कतें झेलते रहे। कई हादसे भी हुए।

पानी में डूबे गड्ढों का अंदाजा न होने से कई ई रिक्शा पलट गए और उनमें बैठे यात्री चोटिल हो गए। इसी तरह मुंशीनगर में नारायन धाम सेवा आश्रम के पास काफी समय से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर भी कड़ी प्रतिक्रियाएं आईं।

नवजोत सक्सेना नाम के शख्स ने मुख्य सड़क पर हुए जलभराव की तस्वीर पोस्ट करते हुए लोगों से अपील की कि शहर के तथाकथित विकास पुरुष वोट मांगने आएं तो उन्हें आईना जरूर दिखाएं। नवजोत की इस पोस्ट पर संजय और आदित्य समेत तमाम लोगों ने कमेंट लिखते हुए नेताओं और अफसरों की आलोचना की है।

इसी तरह प्रेमनगर मठिया के पास नाली बंद होने के कारण सड़क पर गंदा और कीचड़युक्त पानी भर गया। जोगीनवादा में संजयनगर से वनखंडीनाथ मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर नाले के पास पानी भरने से पूरे दिन लोगों को आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ी।

दुर्गानगर के मुख्य मार्ग से वनखंडीनाथ मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी पानी भर गया है। सतीपुर मुख्य मार्ग पर भी पानी भर गया। इस सबके साथ कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण की वजह से अस्पताल रोड पर भी लोगों को भारी मुश्किलें झेलनी पड़ीं। कई और भी इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित रहा।

सड़क न बनने से हम लोगों को कितनी परेशानी हो रही है, ये हम ही जानते हैं। यहां के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। नेता अपनी जुबान पर ही कायम नहीं रहते, जनता का भला कैसे होगा--- छोटे लाल, संजयनगर।

सड़क के किनारे हमारी दुकान है। सड़क पर पानी भरा है। गाड़ियां निकलती हैं तो गंदे पानी की बौछार दुकान के अंदर तक आती है। इससे कई बार नुकसान हो जाता है। कई आश्वासन के बाद बी सड़क नहीं बनी--- वर्षा, संजयनगर।

यह मार्ग नगर निगम के अधिकारियों ने होली तक बनने की कही थी, लेकिन कितनी होली बीत गईं, सड़क नहीं बनी। यह भी नहीं पता है कि अब यह कब बनेगी। अब किसी के वादे का तो विश्वास नहीं कर सकते--- अतुल पाल, संजयनगर

इस सड़क पर जब तक पानी भरा रहेगा, तब तक रोज ई रिक्शा पलटेंगे। उनमें बैठी सवारी चोटिल होगी और हम दुकानदार ही उन्हें उठाएंगे। प्राथमिक उपचार करेंगे। यह रोज की बात है मगर सड़क पांच साल से नहीं बनी है--- मिथिलेश, संजयनगर।

यह भी पढ़ें- बरेली: एलायंस बिल्डर्स के रमनदीप और सहयोगियों की 89.44 करोड़ की संपत्ति जब्त

संबंधित समाचार