इटावा में प्रो. रामगोपाल यादव ने कसा तंज, बोले- अहंकार से भरी भाजपा को कर्नाटक चुनाव के नतीजे दिखायेंगे आईना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में प्रो. रामगोपाल यादव ने बीजेपी पर कसा तंज।

इटावा में प्रो. रामगोपाल यादव ने बीजेपी पर कसा तंज। उन्होंने कहा कि अहंकार से भरी भाजपा को कर्नाटक चुनाव के नतीजे आईना दिखायेंगे। बसपा को भाजपा की बी टीम बताया।

इटावा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे अहंकार से भरी भारतीय जनता पार्टी को आइना दिखायेंगे। अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस सत्ता पर काबिज होगी। कर्नाटक के चुनाव में भाजपा को 30 से 40 सीट मिलना भी बड़ी बात है। प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा के दिग्गज कर्नाटक में वोट मांगने के लिए जा रहे हैं। मगर सच्चाई यह है कि भाजपा की हालत कर्नाटक में पतली है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि योगी की भाषा शैली संत जैसी नहीं है। भगवा पहनने वाले के सम्मान में सभी लोग नतमस्तक रहते है लेकिन मुख्यमंत्री योगी जिस भाषा को बोलते है वो संत की भाषा हो ही नहीं सकती। बसपा प्रमुख मायावती पर प्रहार करते हुए कहा कि हर कोई यह बात भली-भांति जानता है कि बसपा भाजपा की बी टीम है।

उन्होंने दावा किया कि सपा निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की सरकार में नगर निगम, नगर पालिका परिषद को कोई बजट नही दिया गया। नतीजे के तौर पर शहरी इलाकों में कोई काम काज नही हो सका है।  अखिलेश सरकार में बड़े पैमाने पर शहरी क्षेत्रों में नगर पालिकाओं को नगर ने को बजट दिया गया था जिसके वजह से शहरी क्षेत्रों में खासी तादात में विकास योजनाएं संचालित हुई।

जिसका फायदा स्थानीय जनता को मिला था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोई काम नही किया जगह जगह कूड़े के ढेर लगे है । इसीलिए जनता सपा को वोट देना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के पास कुछ नहीं होता है तो सपा नेताओं को सिर्फ गाली देने लगते है। मुख्तार अंसारी और उनके भाई अफजल अंसारी की सजा को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ मुकदमे होते हैं जो गंभीर होते हैं हमें उस पर नहीं बोलना चाहिए। न्यायालय से जुड़ा मामला है। न्यायालय के मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती।

संबंधित समाचार