गरमपानी: हेलो ! आपका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है 25 सौ रुपये भेजो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। साइबर ठग नए नए तरीके इस्तेमाल कर लोगों को निशाने पर लेने में जुटे हुए हैं। बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव के वासिदों को साइबर ठग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने का हवाला दे झांसे में लेने का प्रयास कर रहे हैं। संयोगवश कोई झांसे में नहीं आया। ग्राम प्रधान आशा भंडारी ने लोगों से जागरुक रहने का आह्वान किया है‌।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में पूर्व में लोगों की व्हाट्सएप प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने कई लोगों से पैसे ठग लिए। साइबर ठगों के जाल में सेना का जवान भी फंसा। अब साइबर ठगों ने लोगों को झांसे में लेने का नया तरीका ढूंढ़ निकाला है।

साइबर ठग ग्रामीणों को फोन कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने का झांसा दे रहे हैं। बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में कई लोगों को आवास स्वीकृति संबंधित फोन आए। फोन करने वाले ने पच्चीस सौ रुपये भेजने को कहा। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान आशा भंडारी को मामले की सूचना दी।

ग्राम प्रधान ने ऐसा कुछ भी न होने की बात कही और उसी नंबर पर फोन किया तो बार बार फोन काट दिया गया। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों से ऐसे किसी के भी झांसे में न आने की बात कही साथ ही ऐसे मामलों की सूचना पुलिस प्रशासन को देने की अपील की है।

संबंधित समाचार