हल्द्वानी: रूक-रूक कर हो रही बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
हल्द्वानी,अमृत विचार। तीन दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश से जनपद के छह दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं। बंद सड़कों को खुलवाने का काम चल रहा है।
रविवार सायं से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को दिनभर जारी रहा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। करीब सवा 10 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर लगभग 12 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो 2 बजे तक जारी रही। बारिश और सर्द हवाएं चलने से मई में जनवरी जैसा एहसास होने लगा है।
लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकल रहे हैं। इधर, बारिश के कारण जनपद के छह दूरस्थ ग्रामीण इलाकों की सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं। आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल के मुताबिक अमृतपुर-बानना बबियाड़, फतेहपुर पीपल अडिया, रातीघाट-बुडलाकोट, देवीपुरा-सौड, पलड़ा-देवनगर (धारी) व चांफी-अल्चौड़ा-ताड़ा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों में मलबा आया है। सड़कों से मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। देर शाम तक सड़कों के खुलने की उम्मीद है। इधर, बारिश से गौला नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। जिस कारण मंगलवार को 213 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया।
जिले में पिछले 24 घंटें में हुई बारिश की स्थिति
क्षेत्र वर्षा (एमएम)
नैनीताल (स्नो व्यू) 57.7
हल्द्वानी 04
कोश्याकुटोली 37
धारी 60
बेतालघाट 19
रामनगर 3.6
कालाढूंगी 08
मुक्तेश्वर 18.1
