रामपुर: सलमान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ देखते-देखते निकल गई दर्शक की जान
फिल्म के कई खतरनाक दृश्य प्लास से नाखून खींचना और ट्रेन से कूदना देखकर दहशत में तो नहीं आ गया दर्शक
रामपुर, अमृत विचार। शहर के डायमंड टाकीज में सलमान खान की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ देखते देखते एक दर्शक की जान निकल गई। माना जा रहा है कि फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं जिसमें प्लास से नाखून खींचने और ट्रेन से कूदने के अलावा अजीबो गरीब लहूलुहान चेहरे देखकर युवक कहीं दहशत में तो नहीं आ गया था। पुलिस मृत युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शाहबाद गेट के पास स्थित डायमंड टाकीज में 23 अप्रैल को रिलीज हुई सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान चल रही है। बुधवार को पहला शो 12 से तीन बजे शुरू हुआ था। इस फिल्म को देखने के लिए सामान्य दर के टिकट पर एक तीस वर्षीय युवक ने भी सीट बुक कराई थी।
फिल्म के शुरू होते ही सलमान खान और शाहरुख खान के एक्शन भरे सीन आने लगे। फिल्म की कहानी एक्शन से भरपूर होने के साथ ही कई ऐसे दृश्यों पर आधारित है जिसमें देखते हुए दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाएं। फिल्म का शो जब तीन बजे खत्म हुआ तो सभी दर्शक सिनेमा हाल से बाहर निकल गए, लेकिन तीस वर्षीय युवक सीट पर ही गिरा पड़ा था। सिनेमाकर्मियों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस युवकी शिनाख्त कराने की कोशिश भी की, लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण कहां का रहने वाला है पता नहीं चल सका। माना जा रहा है कि फिल्म में दिखाए गए कई एक्शन दृश्यों से युवक दहशत में आया होगा, जिससे उसके प्राण निकल गए। मृतक युवक हिंदू बताया जा रहा है। फिल्म देखकर निकले कुछ दर्शकों का कहना है कि एक्शन से भरपूर फिल्म में दिल दहलाने वाले सीन हैं, जिसमें प्लास से नाखून खींचना और ट्रेन से कूदना भी शामिल है।
सिनेमाहाल कर्मियों की सूचना पर युवक बेहोशी की हालत में मिला, तुरंत अस्पताल भिजवाया तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिल्म देखकर दहशत में आने से मौत हुई है या हार्ट अटैक से मौत है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। शिनाख्त के लिए मृतक की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से आसपास के जिलों के लिए भी भेजी गई हैं-शरद पवार, इंस्पेक्टर सिविल लाइन थाना।
ये भी पढ़ें- निकायों में भाजपा की जीत से बनेगी ट्रिपल इंजन सरकार: भूपेंद्र सिंह
