हल्द्वानी: 15 दिन में पूरी करें जांच वरना आईजी लेंगे कड़ा एक्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक साल से लंबित विवेचनाओं और विवेचकों के रवैये से नाराज आईजी डॉ.नीलेश आनंद भरणे ने कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने विवेचना निपटाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी है और ऐसा न होने पर विवेचकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कैंप कार्यालय में धोखाधड़ी के 35 अभियोगों समीक्षा करते हुए आईजी ने कहा, 1 वर्ष से लम्बित विवेचनाएं 15 दिन में पूरी करें। उन्होंने तनुजा पाण्डे पत्नी शेखर चन्द्र पाण्डे पाण्डे निवासी सागर कालोनी छड़ायल नयाबाद के विरुद्ध की गिरफ्तारी 15 दिवस के भीतर कर अभियगों का निस्तारण हेतु विवेचक को निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक नगर तथा पुलिस उपाधीक्षक हल्दवानी को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि प्रत्येक विवेचक की केस डायरी और विवेचना में क्या कार्यवाही की गई, इसका गहनता से परिवेक्षण करें। आईजी ने मौके पर ही विवेचकों को निर्देशित कर वादियों से वार्ता कर पूछा कि आप विवेचना से सतुष्ट हैं या नहीं।
जिन मामलों में एफएसएल से रिपोर्ट आनी है उन मामलों में अपने स्तर ही विधि विज्ञानशाला को पत्राचार करें। साइबर से जुड़े धोखाधड़ी में साइबर सैल प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह को कार्यवाई के निर्देश दिए। गोष्ठी में एसपी सिटी हरबंश सिंह, सीओ सिटी भूपेन्द्र सिंह धौनी, सीओ आप्स नितिन लोहनी थे।
