Kanpur Nikay Chunav : मजा नहीं आ रही गुरू, और मंच से नीचे आ गए ब्रजेश, उप मुख्यमंत्री ने याद किए पुराने दिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने याद किए पुराने दिन।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कानपुर में पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी सम्मेलन में पुराने दिन याद किए। इस दौराल वह पूर्व छात्र नेताओं से बोले- चाची को जिता लेबू की नाहीं, छात्र संघ चुनाव शुरू कराने का आश्वासन दिया।

कानपुर, [अभिषेक वर्मा]। शहर के दक्षिण क्षेत्र के एक होटल में आयोजित पूर्व छात्र संघ पदाधिकारी सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अलग रूप में दिखाई दिए। मंच पर संबोधन करने आए ब्रजेश पाठक को जब सामने की सीट पर बैठे पूर्व छात्र नेता और भाजपा कार्यकर्ता नजर नहीं आए तो उन्होंने पहले तो लोगों को हटने के लिए कहा, लेकिन जब लोग नहीं हटे तो बोले- मजा नहीं आ रही गुरू, और माइक लेकर नीचे उतर आए। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश गांव की भाषा में बोले कि चाची को जिता लेबो की नाहीं, जिसपर सामने बैठे लोगों ने हामी भरी।

पार्षद न जीते तो गड़बड़ा जाएगा मामला

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि छात्र नेताओं की ताकत से कोई अछूता नहीं है। कानपुर से लेकर लखनऊ तक छात्र नेताओं की तूती बोलती थी। गंगाघाट पर तय होता था कि कि लखनऊ से आने वाले मुख्य अतिथि को कौन गाड़ी में बैठाएंगा। यहीं से ताकत परखी जाती रही। उन्होंने कहा कि छात्र नेता अपनी मेहनत से जमीन तैयार करें। हमें जनसमर्थन जुटाना है। उन्होंने छात्र नेताओं से कहा कि छात्र नेता की कोई बिरादरी नहीं होती है। हम एक ही टिफिन में खाने वाले हैं। हमें मेयर के साथ पार्षद प्रत्याशी भी जिताने हैं, क्योंकि पार्षद नहीं जीते तो मामला गड़बड़ा जाएगा। विपक्षी शहर  के विकास में रोढ़ा बनेंगे।

दूसरी पार्टी वाले आने के लिए जुगाड़ लगा रहे

ब्रजेश पाठक ने कहा कि दूसरी पार्टी वाले भाजपा में आने के लिए जुगाड़ लगा रहे हैं। कोशिश कर रहे हैं कि कैसे पार्टी में घुस जाएं। उन्होंने कहा कि कानपुर वालों में क्षमता है, कुछ भी कर सकते हैं। कानपुर का मतलब पूरा बुंदेलखंड है, आप लोग यहां से बैठकर सब संभाल सकते हो। उन्होंने कहा कि हमारे पास दुनिया का सबसे मजबूत नेता है। पहले लोग बुलाकर बिरयानी खिलवाते थे आज हम घुसकर मारते हैं।

संबंधित समाचार