रुद्रपुर: विधायक अरोरा ने सीएम से की द केरला स्टोरी को टैक्स फ्री करने की मांग
रुद्रपुर, अमृत विचार। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस मॉल में शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म द केरला स्टोरी को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ देखा। फिल्म देखने के बाद उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखंड में इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को सुरक्षित करने के लिए और जन जागरूकता के लिए इस फिल्म को अवश्य देखें। सुदिप्तो सेन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अदा शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। उनके अभिनय की दर्शकों द्वारा जमकर तारीफ की जा रही है।
फिल्म देखने के बाद शुक्रवार को विधायक ने कहा कि फिल्म केरल की 32 हजार बेटियों की आपबीती पर आधारित है। फिल्म देखकर हृदय में कष्ट हुआ कि किस तरह सुनियोजित तरीके से जिहादी मानसिकता के लोग बहन बेटियों को इस्लाम धर्म अपनाने के लिये प्रेरित करते हैं। इसके बाद उनको जिहाद के रास्ते पर चलने और देश विरोधी गतिविधियों को करने के लिये तैयार करते हैं। साथ ही आईएसआई आतंकी संगठन के एजेंडे के तहत ऐसी बच्चियों को सीरिया जैसे देश भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि फिल्म का हर दृश्य दर्शक को अंदर तक झकझोर देता है।
उन्होंने कहा कि आज उन्होंने जनजागरूकता के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ यह फिल्म देखी है और सभी से आग्रह भी किया है कि समाज में जागरूकता लाएं और लोगों को लव जिहाद के जहर से अपनी बेटियों को सुरक्षित करने के लिये यह फिल्म देखने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान लव जिहाद-लैंड जिहाद से हो रहे उत्तराखंड में जनसंख्या असंतुलन के विषय को सदन में भी उठाया था। सीएम ने इस मुद्दे को प्रमुखता से लेते हुए पूरे प्रदेश में अवैध रूप से हो रहे लैंड जिहाद के तहत हो रहे अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि सीएम को लिखित पत्र लिखकर पूरे प्रदेश में द केरला स्टोरी को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री करने की मांग की है।
ताकि पूरे प्रदेश में अधिक से अधिक लोग सच्ची घटना पर बनी इस फिल्म को देख सकें। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, प्रदेश महामंत्री ओबीसी नेत्रपाल मौर्य, जिला महामंत्री, अमित नारंग, उपेंद्र चौधरी, सुरेश कोली, रामप्रकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, हरीश भट्ट, वेद ठुकराल, सोनू अनेजा, मयंक कक्कड़, योगेश वर्मा, अजय मौर्य, महि सकलानी, श्वेता मिश्रा, रश्मि रस्तोगी, फरजाना बेगम, राधेश शर्मा, सोनू अनेजा, मनोज मदान, किरन विर्क, भूपराम, सुनील यादव, राज कोली, चन्द्रपाल, रामकिशन कोली, शिवकुमार गंगवार, डीके गंगवार, राजेश गर्ग, विकास सागर, महेश कोली, सुनील बाल्मीकि, शम्मी गुप्ता, ममता गोलदार, सुनील सागर समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
