अयोध्या निकाय चुनाव: शहरी दो बार दबाएंगे ईवीएम, निकायों में 134 टेबल पर होगी मतगणना
अयोध्या, अमृत विचार। नगरीय निकाय चुनाव की घड़ियां नजदीक आ गई हैं। लोकतंत्र के इस उत्सव में हर वर्ग रंगने को तैयार है। बस 11 मई का इंतजार है। चुनाव से पहले की तैयारियों में प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। व्यवस्थाओं को पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र के मतदान स्थलों पर महापौर और पार्षद चुनने के लिए दो अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लगाई जाएंगी।
प्रत्येक वोटर को महापौर और पार्षद चुनने के लिए अलग-अलग मशीनों पर वोट देना होगा। जनपद के विभिन्न नगर निकायों में बनाए गए मतगणना स्थलों पर कुल 134 टेबलों पर मतगणना का कार्य किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में मतदान ईवीएम से कराया जाएगा, जबकि नगर पालिका और नगर पंचायतों में वोटिंग मत पत्र से होगी।
नगर निगम में कुल 60 वार्ड है, जिसमें 91 मतदाता केंद्र व 279 मतदान स्थल बनाए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी सूर्य भान यादव ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में मतदान के लिए 279 मतदान स्थल बनाए गए हैं। यहां 279 ईवीएम महापौर और इतनी ही ईवीएम पार्षद प्रत्याशी को चुनने के लिए लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मतदान के लिए लगभग सभी ईवीएम तैयार कर ली गई है। एक ईवीएम पर महापौर और दूसरी ईवीएम पार्षद प्रत्याशी चुनने के लिए लगाई जाएंगी। लगभग 10 फीसदी ईवीएम रिजर्व रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि महापौर से लेकर नगर पंचायत सदस्यों तक के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्रों की व्यवस्था की गई है।
महापौर प्रत्याशी के लिए नीला, नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हरा, नगर पंचायत सदस्यों के लिए सफेद रंग का मतपत्र होगा, जबकि नगर निगम क्षेत्र के पार्षद, नगर पालिका और नगर पंचायत के सदस्यों के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र रहेगा।
नगर निगम क्षेत्र में 40 टेबल पर होगी काउंटिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि जनपद के विभिन्न नगर निकायों में बनाए गए मतगणना स्थलों पर कुल 134 टेबलों पर मतगणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें नगर निगम अयोध्या के महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशियों की मतगणना 20-20 टेबल कुल 40 टेबल पर की जायेगी।
इसी प्रकार नगर पालिका परिषद रुदौली के अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशियों की 14-14 टेबल कुल 28 टेबल पर की जाएगी। नगर पंचायत गोशाईगंज के अध्यक्ष व सभासद पद प्रत्याशियों की 4-4 कुल 8 टेबल पर की जायेगी। बीकापुर में 4-4 कुल 8 टेबल पर की जायेगी। सुचित्तागंज खिरौनी में 5- 5 कुल 10 टेबलों पर की जायेगी। कुमारगंज में 10, भरतकुंड भदरसा में 16, मां कामख्या में 14 टेबलों पर की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार टेबलों पर मतगणना का कार्य सकुशल सम्पन्न कराने के लिए कार्मिकों के प्रथम रेंडमाइजेशन का कार्य किया गया।
ये भी पढ़ें - Video : बहराइच सड़क हादसे का CCTV फुटेज आया सामने, पांच लोगों की हुई थी मौत
