रुद्रपुर: अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस दें, नहीं हटाने पर होगी सख्ती से कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। एसएसपी और अपर जिलाधिकारी सिंह ने जिले में सरकारी परिसंपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इसमें सभी विभाग के अधिकारियों को अपनी-अपनी विभाग की भूमि पर हुए अतिक्रमण का डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 

शनिवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित बैठक में एसएसपी मंजूनाथ टीसी और अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमण से संबंधित आधी-अधूरी सूचना कतई उपलब्ध न कराई जाए।

सरकारी भवनों, संपत्तियों के सामने भी किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो। उन्होंने अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अगर नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्ती लायी जाएगी। 

उन्होंने कहा कि डाम, सिंचाई, वन क्षेत्रों आदि पर कब्जे की सूची ग्राम वार तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि कम्पार्टमेंट, सब डिवीजन और डिवीजन लेवल पर भी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। इस अवसर पर ट्रेनी आईएएस अनामिका, उप जिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, मनीष बिष्ट, अभय प्रताप सिंह, नगर आयुक्त काशीपुर विवेक राय, उत्तराखंड मंडी परिषद की महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट, जिला विकास अधिकारी तारा ह्यांकी, डीपीआरओ आरसी त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

संबंधित समाचार