रुद्रपुर: व्यापारियों के पुनर्वास के लिए झील के सामने खाली जमीन पर बनी सहमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों अतिक्रमण की जद में आये लोहिया मार्केट ओर समोसा मार्केट के व्यापारियों की विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में पुनर्वास के लिए गठित 11 व्यापारी सदस्यों की कमेटी व प्रशासन की तीन सदस्य टीम की बैठक आयोजित हुई।

इसमें व्यापारियों द्वारा चयनित सात स्थानों में से शिवनगर क्षेत्र में झील के सामने पड़े रिक्त भूखंड को लेकर सहमति बनी। विधायक ने प्रशासन के अधिकारियों के बीच इस स्थान पर पुनर्वास किए जाने की बात को रखा गया। जिस पर काफी विचार-विमर्श के बाद सहमति बन चुकी है।

उन्होंने एडीएम से इस प्रस्ताव को आगे भेजने को कहा है। शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इससे पूर्व भी कई बार पुनर्वास के लिए जमीन को लेकर बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकल पा रहा था, लेकिन अब व्यापारियों की समस्या का समाधान निकाला गया है। उन्होंने बताया कि 12 मई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर आना है।

पुनर्वास की कार्यवाही को आगे बढ़ने के लिये मुख्यमंत्री के समक्ष इस अति महत्वपूर्ण विषय को रखेंगे। विधायक अरोरा ने उम्मीद जताई है कि सीएम धामी द्वारा इसके आदेश करने के बाद इसकी प्रशासनिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया के आगे बढ़ते ही व्यापारियों के पुनर्वास का रास्ता साफ होगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि धामी सरकार व्यापारियों के साथ है और इस पहल के सार्थक परिणाम निकलने की पूरी उम्मीद हैं।

इस अवसर पर एसडीएम प्रत्यूष सिंह, प्राधिकरण सचिव एनएस नबियाल, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, इंजीनियर विजय माथुर, तहसीलदार नीतू डागर, महेन्द्र बिष्ट, शरीक अली, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, आशु ग्रोवर, मनोज मदान, मुकेश कुमार, विनोद ठुकराल, शेलेन्द्र ग्रोवर, सोनू अनेजा, इंद्रजीत सिंह, बलदेव ग्रोवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार