शाहजहांपुर: पूर्व विधायक रोशनलाल के बेटे पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज
सपा समर्थित प्रत्याशी हैं मनोज वर्मा, पूर्व एमएलसी की थी मौजूदगी
फोटो- मनोज वर्मा, सपा समर्थित प्रत्याशी।
शाहजहांपुर/निगोही, अमृत विचार। भाजपा छोड़कर सपा में गए पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा व उनके परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूर्व विधायक के बेटे मनोज वर्मा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के सपा समर्थित प्रत्याशी हैं।
शनिवार की शाम को पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद की मौजूदगी में बगैर अनुमति चुनावी सभा किए जाने पर प्रशासन ने पूर्व विधायक के बेटे निगोही नगर पंचायत चेयरमैन प्रत्याशी मनोज वर्मा पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हालांकि प्रत्याशी और उनके पिता पूर्व विधायक ने इसे शासन सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कहा है कि चार-पांच लोगों से वोट मांग रहे थे, लेकिन उन्हें परेशान करने के लिए रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। वहीं पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद का कहना है कि सभा नहीं हो रही थी। वे गए थे और जहां चले जाते हैं तो लोग मिलने चले आते हैं, जिससे कुछ भीड़ जरूर थी।
फ्लाइंग स्क्वाएड टीम के मजिस्ट्रेट अमरपाल सोनकर ने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद चार बजे मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह व सिपाही आकाश कुमार के साथ निगोही-तिलहर रोड पर रेलवे फाटक पर चेकिंग कर रहे थे। मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह के मोबाइल फोन पर सूचना आई कि निगोही के मोहल्ला रामनगर बगिया में नगर पंचाचत अध्यक्ष के प्रत्याशी मनोज वर्मा की जनसभा हो रही है। नगर मजिस्ट्रेट रामनगर बगिया में पहुंचे तो उस समय जनसभा नहीं हो रही थी।
बताते हैं कि उन्होंने लोगों से जानकारी की तो वहां के लोगों ने बताया कि जनसभा हो रही थी, अब जनसभा समाप्त हो चुकी है। मजिस्ट्रेट को जनसभा का वीडियो भी मिल गया और प्रत्याशी जनसभा की अनमति मांगी तो अनुमति नहीं दिखा सके।
पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा के बेटे मनोज वर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। बताते हैं कि पूर्व एमएलसी और सपा नेता जयेश प्रसाद सपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में जनसंपर्क करने आए थे। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों के साथ बैठकें भी कीं। सपा नेताओं का आरोप है कि उन लोगों का जनसंपर्क डैमेज करने के लिए भाजपा के लोगों ने सभा की अफवाह फैला दी थी।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री बोले- शाहजहांपुर को हनुमत धाम, शहीद संग्रहालय दे रहा पहचान
