देहरादून: लेडी सौदागर ने मंगाई स्मैक की खेप, बरेली के तस्कर हत्थे चढ़े
86 ग्राम स्मैक बरामद, दून व हरिद्वार में सिंडिकेट चलाने वाली महिला को देनी थी डिलीवरी
देहरादून, अमृत विचार। थाना रायवाला पुलिस ने बरेली से राजधानी पहुंची स्मैक की खेप को बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बरेली के हैं, जिनसे करीब 8.50 लाख रुपये कीमत की 86 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुनैना नाम की महिला देहरादून और हरिद्वार में नशे का सिंडिकेट चला रही है। इस स्मैक की डिलीवरी उसे ही लेनी थी।
डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रायवाला चौक से आगे मुख्य मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पास गश्त के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में मिलने पर पूछताछ की गई। दोनों ने अपने नाम पप्पू श्रीवास्तव (32) पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम खिरका थाना फतेहगंज तहसील मीरगंज बरेली और शहनवाज सिद्दीकी उर्फ शानु (25) पुत्र आबिद हसन निवासी अंसारी मौहल्ला फतेहगंज थाना फतेहगंज तहसील मीरगंज बरेली बताए। तलाशी में उनसे पास से 86 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बरेली से देहरादून तक के खोले राज
डीआईजी के अनुसार, अभियुक्त पप्पू ने बताया कि वह पेशे से मजदूर है। फतेहगंज में एक ज्वैलर्स की दुकान पर काम करने वाले शहनवाज के साथ मिलकर उसने स्मैक तस्करी शुरू की थी। चूंकि बरेली में स्मैक काफी कम दामों में मिल जाती है और हमारे आसपास के कई लोगों द्वारा अन्य राज्यों/जनपदों में स्मैक की तस्करी कर काफी पैसा कमाया गया था, इसलिए जल्दी पैसा कमाने के लालच में हमने बरेली में आदेश तिवारी नाम के
एक व्यक्ति से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक को खरीदकर जमा किया था। जिसे हम दोनों देहरादून में सुनैना मल्होत्रा नाम की महिला को बेचने के लिये आये थे, जो हरिद्वार व देहरादून में स्मैक तस्करी का काम करती है। इस महिला को ही रायवाल रेलवे स्टेशन पर स्मैक की डिलीवरी करनी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने हमें गिरफ्तार कर लिया। उधर, डीआईजी ने पुलिस टीम को 5000 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
