अमेठी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्मृति ईरानी के मेगा रोड शो में फंसी रही एम्बुलेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अमेठी । कस्बा जायस में जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है, सोमवार को भाजपा के मेगा रोड शो में भीषण जाम लगा रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार के अंतिम पड़ाव में राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सत्ता हथियाने के नशे में मशगूल ऊंचे-ऊंचे रथों पर सवार दिग्गज नेताओं को नीचे सड़क पर उनके जुलूस में शामिल लोग सब चंगे दिखाई देते है। लेकिन भीड़ का अभिवादन स्वीकार करते समय ऊंचे रथों पर सवार नेताओं को भीड़ में फंसने वाले लोग नहीं दिखाई देते।

वहीं पुलिस प्रशासन भी इन नेताओं की आवभगत में सब कुछ ठीक-ठीक दिखाने में जनता की परेशानी को नजर अंदाज कर देती है। यही कारण है कि पुलिस प्रशासन भी भीड़ का हिस्सा बन जाती है और उसे भी सब कुछ 'आल इज वेल' दिखाई देने लगता है। सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी का रोड-शो जायस कस्बे के निरैली पुल से जा रहा था। इससे पहले कस्बे के मुख्य मार्गों सहित अन्य मार्गो पर जाम लगा रहा। जाम में राहगीरों के फंसने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे वाहन तो कालोनियों की गलियों से निकल गए लेकिन बड़े वाहन जाम का शिकार हो गये। आधे घंटे का सफर घंटे भर से ज्यादा में तय करना पड़ा। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं सहित एम्बुलेंस भी जाम में फंसे नजर आए।

ये भी पढ़ें - वाराणसी : घाट पर फ्लोटिंग जेटी पर चेंजिंग रूम और लॉकर बनाये जा रहे, मई में पूरा हो जाएगा फ्लोटिंग चेंजिंग रूम

संबंधित समाचार