बस्ती: भाजपा में गुटबाजी, पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई समेत चार को नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिलाध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने का लगाया गया है आरोप, सात दिन में देना होगा जवाब

बस्ती, अमृत विचार। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई समेत चार कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला ने मंगलवार को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब या जवाब न देने की स्थिति में पार्टी से छह साल के निष्कासन की चेतावनी दी गई है।

नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा में गुटबाजी जहां अंदरखाने में थी, वह टिकट बंटवारे के बाद सतह पर आ गई। नगर पालिका बस्ती में तो पार्टी से बगावत कर पूर्व जिला मंत्री आशीष शुक्ला ने अपनी पत्नी नेहा को भाजपा उम्मीदवार सीमा खरे के खिलाफ उतार दिया।

वहीं, नगर पंचायत रुधौली में राजकुमार सोनी, मुंडेरवा में रामकेश चौधरी व सत्यनारायण जायसवाल का पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बीती पांच मई को ही निष्कासन हो चुका है। इसके बाद भी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ सियासी साजिश की शिकायतें जिलाध्यक्ष तक लगातार पहुंच रही थीं।

इसमें अब जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी के भाई जीवन चौधरी उर्फ लारा का भी नाम सामने आया है। इसके साथ ही नगर पंचायत मुंडेरवा में पुराने कार्यकर्ता विजय रंजन तिवारी व विघ्नेश्वर दुबे तथा नगर पालिका बस्ती से पूर्व सभासद डब्बू श्रीवास्तव पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने के साथ किसी दूसरे उम्मीदवार का खुलकर समर्थन करने की बात सामने आई है।

ऐसे में बड़ा सवाल है कि यह तो वह लोग हैं जो खुलकर सामने आ गए। मगर जो अभी भी किन्हीं कारणों से नाराज हैं उनकी गतिविधियों क्या गुल खिलाएंगी। यह तो नगर निकाय का परिणाम आने के बाद ही पता चल सकेगा और यही भाजपा के लिए इस समय जिले में बड़ी चुनौती बन गई है।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: बिना नोटिस घर गिरवाने जेसीबी संग पहुंचे तहसीलदार से भिड़े ग्रामीण, जमकर हुई नोकझोंक, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार