जलजमाव रोकने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां कर रही सरकार: आतिशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री आतिशी ने कहा कि सरकार मानसून के दौरान राजधानी में होने वाले जलजमाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां कर रही है। आतिशी ने समीक्षा बैठक में आज अधिकारियों से कहा कि, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि दिल्ली के लोगों के लिए मानसून का मौसम परेशानी मुक्त हो।

इसके लिए यह सभी विभागों को अब साथ मिलकर काम करने की जरुरत हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी संसाधनों का कुशलता से प्रयोग हो और दिल्ली में कही भी जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।” उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मानसून से पूर्व होने वाली बारिश के तुरंत बाद की स्थिति का आकलन कर उसमें जलभराव वाले इलाकों को चिह्नित करें।

इसके साथ ही अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उस पॉइंट से जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए मानसून से पहले ही जरुरी तैयारियां पूरी कर ली जाये। उन्होंने कहा कि मानसून की तैयारियों को लेकर पीडब्ल्यूडी नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा और विभाग का सेंट्रल कण्ट्रोल रूम गंभीर जलजमाव वाले स्थानों की 24 घंटे सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करेगा।

समीक्षा बैठक के दौरान शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सभी विभाग जलजमाव वाले स्थानों की कड़ी निगरानी करें। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि जलजमाव से संबंधित समस्याओं के कारण किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। विभागों के अधिकारी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें। यदि जलजमाव वाले क्षेत्र चिह्नित हो तो उनपर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलजमाव एवं यमुना नदी के जलस्तर बढ़ जाने के कारण खादर क्षेत्र में बाढ़ जैसी समस्या उत्पन्न न हो इससे बचने के लिए सभी अधिकारी सतर्कता के साथ हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखें। इस मौके पर डिप्टी मेयर मोहम्मद आले इकबाल ने कहा कि निगम में भी अब एक जिम्मेदार सरकार है जो लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रही है, न कि लोगों के काम रोक रही है। इस मानसून निगम भी शहर से जलजमाव को दूर करने के लिए हर जरुरी कदम उठाएगी और सभी विभागों के साथ मिलाकर काम करेगी।

यह भी पढ़ें- अभिनेत्री राखी सावंत के भाई को मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें मामला

संबंधित समाचार