मुरादाबाद: दिल्ली हाईवे पार कर रही दो महिलाओं की सड़क हादसे में मौत 

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

अमरोहा से बस में सवार होकर पाकबड़ा पहुंची थी दोनों महिलाएं, मृत महिलाओं की पहचान कराने की कोशिश में जुटी पाकबड़ा पुलिस 

मुरादाबाद : पाकबड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब आठ बजे दिल्ली हाईवे पार कर रही दो महिलाएं एक साथ सड़क हादसे का शिकार हो गईं। टीएमयू में उपचार के दौरान दोनों ही महिलाओं ने दम तोड़ दिया। दोनों का शव कब्जे में लेने के बाद पुलिस महिलाओं की पहचान कराने की कोशिश में जुटी है।

पाकबड़ा पुलिस के मुताबिक रात करीब आठ बजे दो महिलाएं बस में सवार होकर अमरोहा की ओर से पाकबड़ा पहुंची। विल्सोनिया स्कूल के सामने दोनों महिलाएं बस से नीचे उतरीं। बस से नीचे उतरने के बाद दोनों महिलाएं एक साथ दिल्ली हाईवे पार करने की कोशिश करने लगी। तभी करीब 50 वर्षीय एक महिला को दिल्ली की तरफ से आ रहे छोटा हाथी ने टक्कर मार दिया। छोटा हाथी के टक्कर से महिला को गंभीर चोटें आईं।

इस बीच साथ में आई दूसरी महिला जिसकी उम्र करीब 40 वर्ष है, वह दुर्घटना से बदहवास हो गई। बदहवासी के हाल में दूसरी महिला को एक कैंटर ने टक्कर मार दिया। राहगीरों के मुताबिक महिला को देख कैंटर चालक ने तेज ब्रेक लिया। तभी दिल्ली की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कैंटर में टक्कर मारा। इससे कैंटर आगे बढ़ा और दूसरी महिला कैंटर की चपेट में आ गई।

राहगीरों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को पुलिस ने टीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान दोनों की महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृत महिलाओं की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। 50 वर्षीय महिला के एक हाथ पर ओमप्रकाश भाई गोदा मिला।

जबकि दूसरी महिला के हाथ पर ओम लिखा है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों महिलाएं अमरोहा की रहने वाली हैं। सोशल मीडिया की मदद से मृतकों की पहचान कराने की कोशिश जारी है।

ये भी पढ़ें - मुरादाबाद : अवैध संबंध में बाधा बने दोस्त को उतारा मौत के घाट, मामा-भांजे गिरफ्तार

संबंधित समाचार