माफियाओं, अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को इस चुनाव में सिखाएं सबक :अजय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

साफ-सुथरी छवि के लोगों को सौंपनी होगी नगरीय विकास की चाभी

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रख्यात साहित्यकार और समाजसेवी अजय गुरु ने जनता से अपील की है कि वह 11 मई को होने वाले मतदान में माफियाओं अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि यदि उनकी पार्टी ने गलत टिकट आवंटन किया है तो उनका कर्तव्य है कि वह किसी भी कीमत पर ऐसे लोगों को न जीतने ने दें, जो समाज विरोधी कार्य में संलग्न है।

बड़ा ठाकुरद्वारा मंदिर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अजय गुरु ने कहा कि जिन लोगों ने राम कथा साहित्य के विश्व स्तरीय भाष्यकार संत कवि बाबा बैजनाथ की स्मृति में बने उद्यान के मूल स्वरूप को नष्ट करने की कोशिश की। ऐसे लोग राम भक्तों के वोट के हकदार नहीं हो सकते।

अजय गुरु ने कहा कि आम जनता यह तय करें कि नगर के प्रसिद्ध सरोवर धरोखर तालाब के निर्माण में भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी कीमत पर जीतने न पाएं। उन्होंने कहा कि पल्हरी चौराहा स्थित जेब्रा पार्क के मुख्य द्वार का नामकरण सतनाम संप्रदाय के प्रवर्तक संत बाबा जगजीवन दास की 350 वीं जयंती के उपलक्ष में जगजीवन दास द्वार करने का आदेश तत्कालीन जिलाधिकारी ने दिया था। लेकिन इस आदेश की अवहेलना की गई। महापुरुषों की थाती को निजी लाभ में रोड़ा मानकर जिन लोगों ने काम किया वे राम भक्त नहीं हो सकते।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। यदि उनके परिवार का कोई भी व्यक्ति चुनाव लड़ रहा है तो उसका जीतना समाज के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया तालाबों को बचाने में जुटी है लेकिन धनोखर तालाब को पक्का बना कर भारी भ्रष्टाचार किया गया। दो तालाबों का अस्तित्व मिटाया गया। एक समाचार पत्र के आजीवन संपादक रहे शिव सिंह सरोज सभागार के टुकड़े-टुकड़े कर उसके मूल स्वरूप को नष्ट कर दिया गया। लेडी डॉक्टर सीएमएस बंगला की अरबों रुपए की कीमती भूमि लखनऊ के भूमाफिया से सांठगांठ कर भेज दी गई। जवाहरलाल नेहरू स्मारक डिग्री कॉलेज की  लाइब्रेरी की भूमि जबरन हथिया ली गई। इस मामले में तत्कालीन जिलाधिकारी की भूमिका भी संदेहास्पद थी। जनता तय करे कि ऐसे लोगों का जितना कितना समाज के हित में है। 

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि यदि राजनीतिक दलों का शीर्ष नेतृत्व टिकट देने में गलत निर्णय लेता है तो आम जनता का कर्तव्य है कि ऐसे व्यक्ति को जीतने न दें। उन्होंने नगर पालिका सहित विभिन्न नगर पंचायतों में चुनाव लड़ रहे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के नाम भी गिनाए। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी माफियाओं को मिट्टी में मिलाने की अपील कर रखी है।


ये भी पढ़ें -अमेठी में बड़ा बवाल, गौरीगंज कोतवाली के अंदर सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने BJP प्रत्याशी के पति को पीटा   

संबंधित समाचार