जनता ने दिया आशीर्वाद तो छह माह में अयोध्या होगी जलभराव मुक्त : शरद बाबा
निगम में शामिल 41 गांवों में अंतिम दिन किया सघन जनसम्पर्क
अयोध्या, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव मतदान से पूर्व बुधवार को महापौर पद की निर्दलीय प्रत्याशी अनीता शरद पाठक ने परिसीमन के बाद शामिल नए 41 गांवों में सघन जनसम्पर्क किया।
इस दौरान मित्रमंच के राष्ट्रीय प्रमुख शरद पाठक बाबा ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जनता ने चुन कर जिम्मेदारी सौंपी तो छह महीने के अंदर अयोध्या को जलभराव मुक्त करेगें। शरद पाठक ने कहा कि निगम द्वारा जारी सभी दस्तावेजों की निशुल्क होम डिलेवरी की जाएगी। उन्होंने कहा अनीता शरद पाठक महापौर बनी तो एक महीने के अंदर विस्थापित सभी व्यापारियों को आवास और दुकानों का आवंटन पत्र दिया जाएगा। जब तक लोगों को नगर निगम की सारी सुविधाएं नहीं दी जाएगी तब तक हाउस टैक्स माफ रहेगा। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आधुनिक बारात घर की व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
निगम के सभी संविदा कर्मियों को नियमित और स्वच्छता कर्मियों का 10 लाख का बीमा किया जायेगा। उन्होंने जनता की तकलीफ समझते हुए बड़ी घोषणा यह कि चौक रिकाबगंज नियावा आदि स्थानों पर महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गौशाला को बिजनेस मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। निर्दलीय प्रत्याशी ने ऐलान किया कि निगम की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नगर निगम के द्वारा किए गए एक - एक रुपए का खर्च अयोध्या में और वेबसाइट के माध्यम से हर 15 दिन में जनता से साझा किया जाएगा। निगम में शामिल गांवों में उन्होंने मतदाता से ईवीएम पर शंख का बटन आशीर्वाद की अपील की। इस दौरान भारी संख्या में समर्थक और हितमित्र मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - Video : गौरीगंज कोतवाली के अंदर सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने BJP प्रत्याशी के पति को पीटा
