किच्छा: ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर टायर खरीद गिरोह का भंडाफोड़
गिरोह में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख के 16 नए टायर तथा 6 एटीएम कार्ड बरामद
किच्छा, अमृत विचार। टायर खरीदने के बाद आरटीजीएस (ऑनलाइन) से पेमेंट भेजने का झांसा देकर व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी एवं ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने गिरोह में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 लाख के 16 नए टायर तथा 6 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलभट्टा थाने के वार्ड 20, सिरौली कला निवासी मोहम्मद जावेद पुत्र रफीक ने पुलिस में सूचना दर्ज कराई थी कि 28 अप्रैल को एचपी पेट्रोल पंप के निकट स्थित उसकी दुकान पर राहुल शर्मा एवं सुलेमान नाम के दो व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने फर्जी खाता नंबर देकर रुपये आरटीजीएस करने की बात कहकर अपोलो कंपनी के 6 नए टायर खरीदे।
लगातार रुपये मांगने के बावजूद भी उसके बिल का भुगतान नहीं किया। दुकान स्वामी मोहम्मद जावेद के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी करने के साथ ही अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया था, जिसके चलते उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। पीड़ित जावेद ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
बुधवार को मामले का पुलभट्टा थाना परिसर में खुलासा कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि राहुल शर्मा एवं सुलेमान उर्फ सलमान तथा मनोज गाबा नामक आरोपी नाम बदलकर अलग-अलग व्यापारियों से टायर खरीदते थे। बाद में वह उन टायरों को औने पौने दामों में ट्रक मालिकों तथा अन्य लोगों को बेच देते थे।
बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीन पानी तिराहे के पास मलिक कॉलोनी में तस्लीम खान के खाली प्लाट से क्षेत्र से धोखाधड़ी कर ले जाए गए अपोलो कंपनी के 6 टायर तथा सिएट कंपनी के 6 टायर एवं रुद्रपुर के व्यापारी के चार छोटे टायर बरामद कर लिए। पुलिस ने धोखाधड़ी में शामिल गली नंबर 9, रामपुर रोड थाना हल्द्वानी तथा वर्तमान में आवास विकास रुद्रपुर निवासी राहुल शर्मा, ग्राम बघौरी थाना सितारगंज निवासी सलमान उर्फ सुलेमान तथा ग्राम भैंसिया थाना गदरपुर जिला ऊधमसिंह नगर निवासी मनोज गाबा को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
