किच्छा: राष्ट्रीय राजमार्ग से अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
प्रशासन की संयुक्त टीम की कार्रवाई
अतिक्रमण के कारण आए दिन लगता था जाम
किच्छा, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रशासन की संयुक्त टीम ने किए गए कई अतिक्रमण हटाए। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा विरोध किए जाने से मौके पर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने कड़ी फटकार लगाते हुए हंगामा कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त कार्यवाही की चेतावनी देते हुए पुनः अतिक्रमण ना करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
नगर के अंबेडकर चौक पर ठेला, फड़, खोखा आदि रखकर अतिक्रमण करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा की अगुवाई में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान अंबेडकर चौक के सभी मार्गों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन की टीम ने हटाते हुए अतिक्रमणकारियों को सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी।
इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने सड़क पर लाठियां फटकारते हुए हंगामा कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया। विगत लंबे समय से अंबेडकर चौक पर अतिक्रमणकारियों द्वारा दर्जनों ठेले, फड़, खोखा लगाकर व्यापार किए जाने के चलते चौक पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी तथा वाहन चालकों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
प्रशासन द्वारा कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध अतिक्रमण न हटाए जाने के बाद प्रशासन की टीम ने अभियान चलाते हुए अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को मौके से हटा दिया। प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही की स्थानीय व्यापारियों ने सराहना की। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाए जाने से वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
मौके पर राजस्व विभाग, चकबंदी विभाग, नगर पालिका प्रशासन के अधिकारियों सहित तमाम पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा के साथ कोतवाली निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, एसएसआई सुनील सुतेड़ी, उप निरीक्षक ओपी शर्मा आदि मौजूद रहे।
