Haldwani News: बैंक से मिली धमकी, महिला आत्महत्या के लिए पानी की टंकी पर चढ़ी, आश्वासन मिलने पर नीचे उतरी महिला
हल्द्वानी, अमृत विचार। पति की करतूत का अंजाम भुगत रही पत्नी की जेल जाने की नौबत आई तो महिला आत्महत्या करने के लिए पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। यह देख मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब आधा घंटा चले ड्रामा और अधिकारियों के समझाने के बाद महिला टंकी से नीचे उतरी।
महिला मुखानी थानाक्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक पति-पत्नी के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। पत्नी ने अपने पति के खिलाफ मुखानी थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसी बीच आरोपी पति ने पत्नी के नाम पर एक वाहन बैंक से फाइनेंस करा लिया और फिर उसे गायब भी कर दिया।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: बीच राह ठप हुई रोडवेज की सीएनजी बस, यात्री परेशान
वाहन की किस्तें जमा न होने पर जब बैंक से महिला के पास रिकवरी के फोन जाने लगे तो उसके होश फाख्ता हो गए। बात तब और बिगड़ गई, जब किस्तें जमा न होने पर बैंक की ओर से एनआई एक्ट के रिपोर्ट दर्ज कराने और उसे जेल भेजने की धमकी दी जाने लगी। वह मामले को लेकर पुलिस के पास भी पहुंची, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद बुधवार को आवेश में आकर महिला जगदम्बानगर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और कूदकर जान देने की धमकी देने लगी।
इस खबर से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी, कोतवाल हरेंद्र चौधरी और भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। महिला आधा घंटा तक टंकी पर चढ़ी रही। लोगों ने उसे उतारने के लिए टंकी पर चढ़ने की कोशिश की तो वह कूदने की धमकी देने लगी। जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने किसी तरह समझा-बुझाकर उसे नीचे उतारा।
महिला को पूरी मदद का भरोसा देकर मुखानी पुलिस ने उसे अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि महिला के पति द्वारा महिला से धोखाधड़ी की बात सामने आई है। गुरुवार को महिला को तहरीर के साथ बुलाया गया है। फिलहाल, मुखानी पुलिस महिला की काउंसिलिंग कर रही है।
यह भी पढ़ें- Haldwani News: चार वर्ष से सुगम में जमे लोकसेवकों का होगा ट्रांसफर
