अमरोहा : अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, मारपीट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला संयुक्त चिकित्सालय में 48 घंटे में दो मौतों से चिकित्सकों की कार्यशैली पर लग रहा सवालिया निशान, महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज हत्या का आरोप, तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज 

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद लोग।

अमरोहा, अमृत विचार। जिला संयुक्त चिकित्सालय में मंगलवार रात महिला की मौत हो गई। 48 घंटे में दो मौतों से चिकित्सकों की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाया जा रहा है। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जबकि महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए महिला का समय से इलाज न कराने का आरोप लगाया है। अस्पताल में मौजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। 

नगर के मोहल्ला गश्तियान निवासी हिना को प्रसव के चलते मंगलवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि हिना के  एक बेटी हुई थी। आरोप है कि इसी बीच हिना की हालत बिगड़ गई। देर शाम अचानक उसे पेट दर्द की शिकायत हुई। स्टाफ ने  उपचार शुरू कर  चिकित्सक को जानकारी दी।

इसी दौरान हिना की मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लेकिन बेटी की मौत की खबर मिलने पर अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया। अस्पताल में ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस व सीओ सतीश चंद पांडे अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत किया। इसी बीच ससुराल पक्ष के लोग नवजात बच्ची को लेकर भाग निकले। शहर कोतवाल हरीश वर्धन ने बताया कि पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


आठ मई को भाजपा नेता के मामा की हुई थी मौत
अमरोहा। आठ मई को भाजपा आईटी सेल के जिला प्रभारी दक्ष प्रजापति के मामा थाना रजबपुर के गांव पपसरा निवासी चंद्रपाल सिंह को पेट में दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल में लाया गया था। लेकिन, जिला अस्पताल के लापरवाह स्टॉफ उनकी जान बचाने में असफल रहा। इस मामले में दक्ष प्रजापति ने ट्वीटर के माध्यम से जिला अस्पताल के स्टॉफ की शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री व शासन स्तर पर की थी। जिला अस्पताल का स्टॉफ भाजपा नेता के मामा की मौत के बाद भी नहीं जागा तथा बुधवार को एक और घटना ने लापरवाही को उजागर कर दिया है।


जिला अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही के लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। हिना के प्रसव के बाद एक बेटी हुई थी। तब तक उसकी हालत बिल्कुल सही थी। डा. प्रेरणा की देखरेख में यह सब हुआ था। डिलीवरी के बाद भी मृतक महिला की स्थिति बिल्कुल सही थी। जच्चा व बच्चा दोनों ही स्वस्थ थे। ऐसे में जिला अस्पताल के चिकित्सकों पर किसी तरह का आरोप लगाना ठीक नहीं है। -डा. चरन सिंह, मेडिकल आफिसर, जिला अस्पताल

ये भी पढ़ें :  अमरोहा : डीएम-एसपी ने मतगणना स्थलों का किया निरीक्षण, कहा- लापरवाही हुई तो कार्रवाई होगी

संबंधित समाचार