बदायूं में शांति पूर्ण मतदान जारी, तीन बजे तक 46.73 प्रतिशत हुई वोटिंग
बदायूं, अमृत विचार। जिले में शांति पूर्ण तरीके से मतदान जारी है। कुछ केंद्रों पर 7.30 बजे से लाइनें लग गईं, लेकिन दोपहर में मतदान कुछ हल्का रहा। पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता व उनकी पत्नी ने जीआईसी शहर के जीआईसी मतदान केंद्र जाकर पहला वोट डाला।
वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा व उनकी पत्नी ने उझानी में मतदान किया। जिले में अपराह्न तीन बजे तक 46.73 प्रतिशत मतदान हुआ। डीएम मनोज कुमार व एसएसपी डॉ. ओपी सिंह सहित तमाम अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर जाकर हालात का जायजा लिया। जिले में 3 बजे तक सबसे ज्यादा मतदान नगर पंचायत गुलड़िया में 76 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं नगर पालिका बदायूं में सबसे कम 36.86 प्रतिशत मतदान रहा।
जिले में आज 11 मई को निकाय चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शाम को 6 बजे तक चलेगी। जिले के 210 मतदान केंद्र एवं 603 मतदेय स्थलों पर मतदान चल रहा है। बदायूं शहर सहित जिले की सात नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद और 339 वार्ड सदस्य के लिए मतदान चल रहा है। इस बार निकाय चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद के लिए 167 और सदस्य पद के लिए 1479 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनके भाग्य का फैसला जनता करेगी।
इस निकाय चुनाव को लेकर आज कुल 523672 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 277108 पुरुष मतदाता और 246564 महिला मतदाता मतदान करेंगे। जिले में डीएम मनोज कुमार और एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के निर्देशन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर पुलिस पीएसी के अलावा एसएसबी को भी तैनात किया गया है।
ये भी पढे़ं- बदायूं : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- सपा तो अब हो गई समाप्तवादी पार्टी
