Kanpur: 17 घंटे बीते, बदमाशों का नहीं लगा सुराग, पत्नी बोली- सब हो गया बर्बाद, अब कौन रखेगा बेटियों का ख्याल...
कानपुर में चुनाव में एक दिन पहले बदमाशों ने लूट के बाद व्यापारी की गोली मारकर की हत्या।
कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र के शिवकटरा में चुनाव में एक दिन पहले बदमाशों ने पांच लूट के बाद व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इधर, घटना के 17 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना के बाद से पत्नी, बेटियों समेत परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कानपुर, अमृत विचार। कमिश्नरेट पुलिस पिछले कई दिनों से जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही थी। ऐसे में सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने चकेरी थानाक्षेत्र अंतर्गत सुरक्षा की पोल खोल करके रख दी। सरेशाम गोदाम में कर्मचारियों के पास बैठे कारोबारी संजय गौड़ अपना गल्ला का रुपया गिन रहे थे।
इस दौरान जीटी रोड पर चलती सड़क पर जघन्य वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लोहा कारोबारी की इस हत्या से शहर में हड़कंप मचा है। इधर, वारदात के 17 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस, क्राइम ब्रांच के साथ तमाम अधिकारी सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ छानबीन कर रही है।
यह था मामला
चकेरी थानाक्षेत्र अंतर्गत बुधवार रात करीब सात बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने लोहा कारोबारी के गोदाम में घुसकर मजदूरों और व्यापारियों को असलहे के बल पर बंधक बनाया। फिर गल्ला तोड़कर पांच लाख रुपये लूटे। इस दौरान गांधीग्राम जीटी रोड स्थित गोपाला अपार्टमेंट निवासी 52 वर्षीय संजय गौड़ लोहा कारोबारी व्यापारी के विरोध करने पर एक बदमाश ने उनके बाएं ओर सीने में गोली मार दी। वारदात से महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन आसपास के लोग उन्हें नाजुक हालत में रीजेंसी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद तीनों सशस्त्र बदमाश मौके से भाग निकले। घटना के बाद मौके पर पुलिस कमिश्नर, संयुक्त पुलिस आयुक्त समेत क्राइम ब्रांच व सर्विलांस की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की।
सतीश महाना ने पहुंचकर लगाई फटकार, बोले सबको नाप दूंगा
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने डीसीपी क्राइम मनीष सोनकर को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि यह घटना मेरे बगल की है। अगर इसका जल्द खुलासा ना हुआ तो सबको नाप दूंगा। गुस्से से तिलमिलाए महाना कुछ देर रुककर वहां से चले गए।
पुलिस को मौके से 32 बोर का एक खोखा मिला
इस जघन्य वारदात के बाद एसीपी चकेरी अमरनाथ, डीसीपी क्राइम मनीष सोनकर, चकेरी रत्नेश सिंह, कृष्णा नगर चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मौके से 32 बोर का एक खोखा बरामद किया है।
परिवार में चीख पुकार, बेसुध हुए लोग
लूट के बाद गोली मारकर लोहा कारोबारी संजय गौड़ की हालत बिगड़ गई। सभी लेकर उन्हें पहले पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें रीजेंसी भेजा गया। वहां लहूलुहान पहुंचे कारोबारी को कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया गया। वारदात के बाद तुरंत सूचना पर पत्नी प्रियंका, बहन संतोष के अलावा दो बेटियां 27 वर्षीय सौम्या और 22 वर्षीय मुस्कान का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बताया कि मुस्कान बेंगलुरु में पढ़ाई करती है, वहीं सौम्या एलएलबी कर रही है।
व्यापारियों ने कड़ी नाराजगी कर जताया विरोध
घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस कमिश्नर से घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि खुलेआम जीटी रोड किनारे इस तरह की वारदात कानून व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा मिले । इस पर पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने कहा कि यह घटना पुलिस के लिए चुनौती है , वह निश्चित तौर पर इसका जल्द से जल्द खुलासा करेगी। इसके लिए क्राइम ब्रांच की टीमें लगा दी गई हैं। साथ आसपास सीसीटीवी फुटेज भी चलाते जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से कुछ सबूत भी एकत्र किए हैं।
पहले दुकान गेट के बाहर ज़मीन पर फायरिंग, फिर गन पॉइंट पर लिया
मुनीम उत्तम अवस्थी ने बताया कि दुकान के बाहर तीन लोग आए। सभी नकाबपोश थे। बाइक दुकान से करीब 30 मीटर दूर जीटी के पास खड़ी की थी। इसमें एक सड़क पर खड़ा था। वहीं दो लोग दुकान की ओर बढ़े। इसमें पहले आगे चल रहे युवक ने हाथ में लिए असलहे से जमीन पर फायरिंग की। इसके साथ पीछे वाले ने कमर में लगा असलहा निकालकर दुकान के कर्मचारियों को पीछे कर दिया। वहीं पहले फायरिंग करने वाले बदमाश ने गल्ले में रखी रकम जेब में भरी। इसके बाद वापस जाने लगे। फिर संजय के बदमाश को पकड़ने के प्रयास में लुटेरे ने उन पर गोली चला दी।
भाग रहे लुटेरों पर को दौड़ाया, चलाएं पत्थर, नहीं हुए सफल
घटना के बाद बाइक से बैठकर तीनों लुटेरे गांधीग्राम गेट से पीएससी मोड़ चोर भागने लगे इस पर दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक कर्मचारी उत्तम अवस्थी ने पत्थर भी चलाया। बावजूद इसके वे भागने में सफल रहे यहां आसपास सीसी फुटेज भी नहीं मिल सके।
गोली मारने का नहीं था इरादा
घटना को अंजाम देने वाले बेखौफ सशस्त्र बदमशों के अंदर डर जैसी चीज नहीं थी। इसलिए उन्होंने सरेआम भीड़भाड़ के बीच जीटी रोड किनारे फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद उन्होंने गन पॉइंट पर कर्मचारियों को रखा। फिर गन पॉइंट पर ही संजय के गल्ले से रुपये लुटे। इसके बाद वे जाने लगे तब तक उन्होंने किसी पर गोली नहीं चलाई। लेकिन जैसे ही उनके वापस लौटते समय संजय गौड़ ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस पर बदमाश ने गोली चला दी जो कारोबारी के बाएं ओर छाती पर जा लगी।
रोज पैदल ही घर लेकर जाते थे, रुपयों से भरा थैला
आसपास के लोगों ने बताया कि संजय गौड़ पहले लाल बंगले में रहते थे। करीब 4 - 5 वर्ष पहले ही उन्होंने गोपालय अपार्टमेंट में फ्लैट लिया था। इसके बाद वह दुकान बंद कर रात करीब 9- 9:30 बजे रुपयों से भरा झोला लेकर घर जाते थे। लोगों ने बताया कि उनके कई लोहे के गोदाम आदि हैं और बहुत ही व्यवहार कुशल थे। उनकी दुकान करीब तीन दशक से अधिक पुरानी है।
