देहरादून: फर्जी डॉक्टर के पास मिली राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस की डिग्री

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

देहरादून, अमृत विचार। बेंगलुरु से फर्जी डिग्री लेकर भारतीय चिकित्सा परिषद (एमसीआई) उत्तराखंड में पंजीकरण कराने के दो और आरोपियों को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया है। 

पुलिस अधीक्षक अपराध सर्वेश पंवार के अनुसार, विशेष जांच दल के अधीन वर्तमान में थाना नेहरू कॉलोनी पर पंजीकृत अभियोग की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी द्वारा संपादित की जा रही है जिसमें अब तक 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अभियोग की विवेचना के क्रम में एसआईटी ने दो और आरोपियों प्रकाश सिंह (41) पुत्र राय सिंह निवासी एमडीडीए कॉलोनी चंद्र रोड डालनवाला और मसूद अहमद (34) पुत्र स्वर्गीय शब्बीर अहमद निवासी ग्राम मुजफ्फराबाद थाना फतेहपुर सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। 

एसपी क्राइम ने बताया कि इन आरोपियों ने राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस बेंगलुरु से फर्जी डिग्री प्राप्त कर भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड में पंजीकरण कराया था। इस प्रकरण में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर अब 22 हो गई हैं। सीओ अनिल जोशी का कहना है कि अन्य संदिग्ध अभियुक्तों और फर्जी चिकित्सकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गयी हैं। कुछ आरोपी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित की गई हैं।