चित्रकूट निकाय चुनावः जिले में हुआ 60.47 फीसदी मतदान, प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट/अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को हुए मतदान के बाद एक पालिका और तीन नगर पंचायतों के अध्यक्षों और सदस्यों का भाग्य मतपेटिकाओं में बंद हो गया। चिलचिलाती धूप में मतदाताओं ने घरों से निकलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना योगदान किया। निकाय चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सात बजे समाप्त हो गई। कर्वी में कुल 50.9 फीसदी मतदान हुआ। मानिकपुर में 59.10,  राजापुर में 62.20 और मऊ  में 69.70 फीसदी वोट डाले गए। जिले में कुल मिलाकर 60.47 प्रतिशत मतदान हुआ। 

लगभग सभी जगहों पर गुरुवार को निर्धारित समय पर वोटिंग शुरू हो गई। जैसे जैसे दिन चढ़ा, मतदाताओं की बूथों पर संख्या भी बढ़ने लगी। जिले में नगर पालिका चित्रकूटधाम के साथ तीन नगर पंचायतों मऊ, मानिकपुर और राजापुर के लिए मतदान हुआ। पुलिस और प्रशासन की सजगता की वजह से कहीं से भी कोई बड़ी घटना का समाचार नहीं है।

जिलाधिकारी अभिषेक आनंद, पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला के अलावा अन्य अधिकारी भी बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। डीएम-एसपी ने प्राथमिक विद्यालय इस्लामिया तरौंहा नगर क्षेत्र कर्वी, इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय चितरा गोकुलपुर,  उच्च प्राथमिक विद्यालय खोही नगर क्षेत्र चित्रकूट में जाकर व्यवस्थाएं देखीं। दोनों आला अफसरों ने बूथों पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

धीरे-धीरे मतदान में आई तेजी
सुबह नौ बजे तक कर्वी में 8.89 फीसदी, मानिकपुर में 10.28, मऊ  में 11.64 और राजापुर में 10.35 फीसदी मत पड़े थे। इस प्रकार इस समय तक मतदान का कुल प्रतिशत 10.29 रहा। पूर्वाह्न 11 बजे कर्वी में 19.51, मानिकपुर में 22.88, मऊ में 25.54 और राजापुर में 27.06 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुका था। इस समय तक मतदान का कुल प्रतिशत 23.75 पहुंच गया। अपराह्न एक बजे तक कर्वी में 29.83, मानिकपुर में 34.73, मऊ में 39.65 और राजापुर में 39.11 फीसदी वोट डाले जा चुके थे।

इस समय तक कुल मिलाकर मतदान का प्रतिशत 35.83 था। अपराह्न तीन बजे तक कर्वी में 38.71 फीसदी वोट पड़ चुके थे। मानिकपुर में 43.72, मऊ में 51.87, राजापुर में 48.57 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। इस समय तक ओवरआल मतदान प्रतिशत 45.71 था। अपराह्न पांच बजे तक कर्वी नगर पालिका के लिए 46.71 प्रतिशत और नगर पंचायतों मानिकपुर में 53.21, मऊ में 63.81, राजापुर में 58.23 फीसदी मतदान हो चुका था। इस समय तक मतदान का कुल प्रतिशत 55.49 था।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: बीईओ हरियावां और पिहानी को निलंबित करने के दिए निर्देश, वजह जान हो जाएंगे हैरान

संबंधित समाचार