बरेली:स्ट्रांग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा में रखी गईं ईवीएम और पतपेटियां
राज्य भंडारण निगम परसाखेड़ा प्रथम और द्वितीय में डबल लॉक में रखी गईं 1300 ईवीएम, अलग-अलग स्ट्रांग रूम में रखी गईं मतपेटियां, सुरक्षा के लिए पुलिस-पीएसी की गई तैनात
बरेली,अमृत विचार : मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम और मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर रात तक स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया। इसके लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा की गई है। सभी ईवीएम और मतपेटियों काे डबल लाॅक में रखा गया है। पुलिस और पीएसी 24 घंटे की तैनाती रहेगी। नगर निगम में मेयर पद की 650 और पार्षद पद के 650 ईवीएम को मतदान के बाद प्रत्याशियों की मौजूदगी में पुलिस-प्रशासन ने सील कराया।
इसके बाद सभी 1300 ईवीएम परसाखेड़ा में बनाए गए स्ट्रांग रूम में देर रात तक रखवाया गया। इस दौरान परसाखेड़ा रोड पर शहर के आसपास के इलाके को पुलिस ने बैरियर लगाकर सील कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर आम लोगों की आवाजाही भी बंद कर दी गई। बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स ईवीएम जमा कराने के दौरान मौजूद रहा। महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवार भी ईवीएम मशीन जमा होने के दौरान परसाखेड़ा में पहुंच गए।
नगर निकायों से नगर पालिका, पंचायत के अध्यक्ष की 545, सभासद की 545 मतपेटियों को अलग-अलग स्ट्रांग रूप में रखवाया गया। नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां, रिठौरा, धौराटांडा पंचायत की मतपेटियों को बरेली कॉलेज, नगर पालिका फरीदपुर, पंचायत फतेहगंज पूर्वी की मतपेटियों को सीएएस इंटर कॉलेज, नगर पालिका बहेड़ी, नगर पंचायत
देवरनियां, नगर पंचायत शेरगढ़, नगर पंचायत फरीदपुर, नगर पंचायत रिछा की मतपेटियों को कृषि उत्पादन मंडी समिति बहेड़ी, नगर पंचायत मीरगंज, नगर पंचायत शाही एवं शीशगढ़, नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी की मतपेटियों को राजेंद्र प्रसाद कॉलेज मीरगंज, नगर पालिका नवाबगंज, नगर पंचायत सेंथल की मतपेटियों को कृषि उत्पादन मंडी नवाबगंज,
नगर पालिका आंवला, नगर पंचायत सिरौली, नगर पंचायत बिशारतगंज की मतपेटियों को डॉ. राममनोहर लोहिया महाविद्यालय आंवला में बने स्ट्रांग रूम में रखवाई गईं हैं। डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि सभी ईवीएम को त्रिस्तरीय सुरक्षा में डबल लॉक में रखा गया है। बाहर पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है।
मेयर प्रत्याशी डॉ. तोमर ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण: मेयर पद के सपा समर्थित एवं निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर ने मतदान समाप्त होने के बाद गुरुवार रात स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाओं को देखा। परसाखेड़ा के पास निरीक्षण के लिए कैंप भी लगाया। शिवचरन कश्यप, शमीम खान सुल्तानी, सत्येंद्र यादव, मयंक शुक्ला, मुनीश शर्मा आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - बरेली: खामोश रहे लब...वोटराें के मिजाज को भांप नहीं पा रहे प्रत्याशी
