निकाय चुनाव परिणाम : 17 नगर निगमों में भाजपा को 12 से अधिक में बढ़त

निकाय चुनाव परिणाम : 17 नगर निगमों में भाजपा को 12 से अधिक में बढ़त

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में 760 शहरी स्थानीय निकायों के साथ स्वार और छानबे विधानसभा क्षेत्रों में हुये उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गयी।

शुरूआती रूझानो के अनुसार 17 नगर निगमों में से दस से अधिक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महापौर प्रत्याशी बढ़त बनाये हुये हैं। सूत्रों के अनुसार लखनऊ,कानपुर, वाराणसी,मेरठ,मथुरा,शाहजहांपुर,प्रयागराज,झांसी,अलीगढ और अयोध्या समेत 12 से ज्यादा नगर निगमों में भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाये हुये हैं जबकि आगरा में बसपा उम्मीदवार आगे चल रही हैं।

निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार 760 शहरी स्थानीय निकायों के लिए 353 स्थानों पर मतगणना का काम जारी है। उल्लेखनीय है कि 17 नगर निगमों के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से किया गया था जबकि 195 नगर पालिका परिषदों और 544 नगर पंचायतों समेत अन्य शहरी स्थानीय निकायों में मतपत्रों का उपयोग किया गया था।

मतगणना में 17 नगर निगमों के महापौर और 1420 पार्षदों की तस्वीर साफ हो जायेगी जबकि 199 पालिका परिषदों के अध्यक्षों और 5,327 सदस्यों के अलावा नगर पंचायतों के अध्यक्षों और 7,177 सदस्यों के लिये मतों की गिनती की जायेगी जबकि 199 पालिका परिषदों के अध्यक्षों और 5,327 सदस्यों के अलावा नगर पंचायतों के अध्यक्षों और 7,177 सदस्यों के लिये मतों की गिनती की जा रही है।

नगर निगम मथुरा वृन्दावन के चुनाव में पहले दो राउन्ड में महापौर के भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल अन्य सात प्रत्याशियों से बराबर बढ़त बनाए हुए हैं। दूसरे चक्र में भाजपा के विनोद अग्रवाल को 15287 मत मिले जब कि उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी श्याम सुन्दर उपाध्याय बिट्टू को 3785 मत मिले। इसी राउन्ड में कांग्रेस के दूसरे गुट के प्रत्याशी राजकुमार रावत को 2903 मत ही मिल सके।

आगरा नगर निगम के मेयर की दौड़ में बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी लता वाल्मीकि आगे चल रही हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी की हेमलता दिवाकर कुशवाह दूसरे स्थान पर हैं। इस बीच वार्डों में पहली जीत भी बसपा की झोली में गई। वार्ड 01 से बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी मीना देवी ने लगभग 1700 वोटों से जीत दर्ज करने की सूचना मिली है। उन्हें 2991 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रही भाजपा की इंद्रावती को 1232 वोट मिले।

कौशांबी से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मतगणना स्थल पर पत्रकारों को जाने से रोका जा रहा है। एडीएम ने बाबू सिंह सयारा मतगणना स्थल पर पत्रकारों को कवरेज करने से रोका जिसके बाद मतगणना स्थल के बाहर पत्रकार धरने पर बैठ गये।

यह भी पढ़ें : निकाय चुनाव परिणाम : अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर कसा तंज, कहा- आशा है हर राउंड के बाद बताये जायेंगे आंकड़े