कानपुर न्यूज: फार्म हाउस में मिले वृद्ध दंपती के शव, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर/अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में फार्म हाउस की देखभाल कर रहे वृद्ध दंपति के शव अलग-अलग चारपाईयों में पडे मिले। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस दौरान दंपति के बेटे ने घटना की जानकारी फार्म हाउस मालिक को दी। जिसके बाद सूचना थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गुप्ता सोसाइटी श्याम कान्हा अपार्टमेंट के पीछे कटा टावर के पास फजलगंज में रहने वाले राजेंद्र पटेल का एक हजार गज में फार्म हाउस बना हुआ है। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब 22 वर्षों से 70 वर्षीय वृद्ध रामसेवक अपनी पत्नी 68 वर्षीय रामकुमारी के साथ रहते थे। दंपति उनके फार्म हाउस में ही बेटे संतोष के साथ रखवाली करके जीवन यापन करते थे।

उन्होंने बताया कि शनिवार को उनके पास करीब 12 बजे संतोष पहुंचा और उसने माता-पिता के मौत की जानकारी दी। जिससे यह बात सुनकर उनके होश उड़ गए। वह आनन-फानन कल्याणपुर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद वहां का दृश्य देखकर पुलिस सन्न रह गई।

संदिग्ध परिस्थितियों में एक चारपाई पर वृद्ध रामसेवक का शर्ट खुला हुआ शव जमीन पर रखे पैर किसी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे थे। इसके बाद वहां बने कमरे में पुलिस पहुंची तो देखा कि मच्छर दानी में वृद्धा रामकुमारी का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने फार्म हाउस के आसपास निर्माणाधीन मकानों में काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ की। इस घटना के बाद से क्षेत्र में वृद्ध दंपति के शवों के मिलने की जानकारी होने पर सनसनी फैल गई। फार्म हाउस के पास रहने वाले लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गए। इस प्रकरण में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे्ं मौत का कारण स्पष्ट नहीं है, इस कारण बिसरा सुरक्षित रखा गया है। 

मानसिक अस्वस्थ्य बेटे ने जाकर दी सूचना 
कल्याणपुर पुलिस के अनुसार वृद्ध दंपति का बेटा संतोष मानसिक रूप से अस्वस्थ्य है। शनिवार सुबह वह सोकर उठा और खाना बनाने लगा। इसके बाद जब माता पिता काफी देर तक नहीं उठे तो उसने जगाने की कोशिश की। उनके न उठने पर वह साइकिल से फजलगंज में रहने वाले फार्म हाउस मालिक के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस जब उसे लेकर मौके पर पहुंची तो वह उनके सामने ही मुस्कराते रहा। वहीं खाने के बर्तन भी झूठे पड़ हुए थे। 

शवदाह गृह में जलाए गए वृद्ध दंपति 
पोस्टमार्टम के बाद फार्म हाउस मालिक ने वृद्ध दंपति के शव को भैरव घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार कराया। कल्याणपुर पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। वहीं दंपति के बेटे ने पुलिस और फार्म हाउस मालिक ने किसी पर भी कोई संदेह नहीं जताया है। जिसके बाद पुलिस ने एक बड़ी राहत की सांस ली है। 

नेचुरल मौत लग रही, कोई चोट के निशान नहीं मिले
घटना की जानकारी होने के बाद कल्याणपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया। जिसके बाद फोरेंसिक इंचार्ज डॉ प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि नेचुरल मौत लग रही ह। वृद्ध दंपति के शव पर किसी प्रकार के कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। हां ये जरूर है, कि पहले वृद्ध की मौत हुई होगा। क्योंकि उसका शरीर अकड़ा हुआ था। प्रथम दृष्यता वृद्ध दंपति के साथ कोई भी जोर जबरदस्ती के निशान नहीं मिले हैं। 

बहुत अच्छे थे पति-पत्नी, सबकी करते थे मदद  
फार्म हाउस के बगल में चल रहे निर्माणाधीन मकानों में काम कर रहे श्रमिकों ने बताया कि वृद्ध दंपति बहुत मिलनसार थे। हरेक की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। कुछ श्रमिकों ने बताया कि मकान के निर्माण के लिए वह पानी की अक्सर लोगों की मदद करते थे। कहा कि लोग बताते हैं, कि दंपति 22 वर्ष पहले से यहां पर फार्म हाउस मे रहकर जीवन काट रहे थे। तब यहां केवल जंगल हुआ करता था। यहां आने में भी लोगों की रुह कांप जाती थी। उनके साथ क्या हुआ यह वह लोग नहीं समझ पा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:-बहराइच: सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत

संबंधित समाचार