संभल: मक्का के खेत में किशोर के अवशेष मिलने से सनसनी, 10 दिन पूर्व हुआ था लापता
पुलिस ने पिता की शिकायत पर दर्ज किया था गुमशुदगी का मामला, किशोर की चप्पल, बेल्ट और पेंट भी मौके पर मिली, इन्हीं से परिजनों ने की शिनाख्त
आलिम का फाइल फोटो, मक्का के खेत में किशोर के अवशेष देखते एएसपी श्रीशचंद्र, सीओ संतोष कुमार सिंह व अन्य।
संभल/ओबरी,अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में 10 दिन से लापता किशोर के अवशेष मक्का के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने चप्पल, बेल्ट और पेंट के आधार पर शिनाख्त की। एएसपी ने मौका मुआयना करके कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना क्षेत्र के गांव राया बुजुर्ग निवासी मोहम्मद आकिल का 14 वर्षीय बेटा मोहम्मद आलिम चार मई को गांव में ही परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। इसके बाद में घर नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। पांच मई को मोहम्मद आकिल ने बेटे की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। रविवार की सुबह गांव के कब्रिस्तान के पास नन्हे के मक्का के खेत में बच्चे घास काट रहे थे। तभी वहां मानव अवशेष, प्लास्टिक का कट्टा, चप्पल और कपड़े दिखाई दिए। बच्चों ने गांव आकर बताया।
मोहम्मद आकिल और परिजनों के साथ ही तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मोहम्मद आकिल ने मौके पर मिली पेंट, बेल्ट और चप्पल के आधार पर बेटे के अवशेष की शिनाख्त की। इस बीच एएसपी श्रीश चंद्र, सीओ संतोष कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। एएसपी श्रीश चंद ने बताया कि पांच मई को मोहम्मद आकिल की सूचना पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। उसका कहना है कि अवशेष बेटे के हो सकते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
किशोर के परिजनों में मचा कोहराम
असमोली : भले ही पुलिस ने मोहम्मद आकिल की सूचना पर मदरसे के छात्र मोहम्मद आलिम की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। परिजन उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे। रविवार को जब अवशेष के पास किशोर की पेंट, बेल्ट और चप्पल मिलीं तो परिजनों की उम्मीद टूट भी गई। मां ताहिरा, भाई मोहम्मद इस्लाम और बहन आरिफा का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
असमोली : मक्का के खेत में किशोर के अवशेष मिलने की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
ये भी पढ़ें:- Moradabad Nagar Nigam Election Result : भाजपा के दिग्गजों की बड़ी जीत के दावों का निकला दम
