रुद्रपुर: खाता नंबर में जरा सी चूक पर दूसरे के खाते में पहुंची धनराशि
रुद्रपुर, अमृत विचार। आवास विकास चौकी इलाके के रहने वाले एक खाता धारक की जरा सी चूक से दूसरे खाते में रकम चली गई। आरोप है कि दूसरे खाताधारक ने आरटीजीएस की रकम को निकाल ली और अपना मोबाइल बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि खाताधारक आंध्र प्रदेश की रहने वाली है। पीड़ित ने आवास विकास पुलिस चौकी को तहरीर देकर संबंधित बैंक और खाताधारक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास निवासी रोहित कुमार ने बताया कि उसका आईडीबीआई बैंक में खाता है। एक मई को उसने आरटीजीएस के माध्यम से खाते में 3.30 लाख रुपये की धनराशि डाली, लेकिन खाते के एक नंबर में हुई चूक के कारण लाखों की धनराशि मिलते-जुलते दूसरे खाता नंबर में चली गई। कुछ देर बाद जब गलत खाते में आरटीजीएस की रकम चले जाने की भनक लगी तो पता चला कि खाताधारक ने सारी रकम निकाल ली है।
इस संबंध में जब संबंधित बैंक प्रबंधक को मेल और मौखिक शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की तो बैंक प्रबंधक ने खाताधारक द्वारा फोन नहीं उठाने की बात कहकर रकम वापस दिलाने से इंकार कर दिया। पड़ताल में पता चला है कि जिस खाते में आरटीजीएस की रकम गई है। वह खाता आंध्र प्रदेश स्थित एक महिला का है।
ऐसे में पीड़ित ने आवास विकास पुलिस के साथ ही एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देते हुए बैंक और खाताधारक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने बताया कि मामले की तहरीर आने के बाद जांच साइबर क्राइम कार्यालय भेज दी गयी है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद पुलिस तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करेगी और संबंधित बैंक एवं खाताधारक को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।
