Kashipur News : सड़क हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, शव रोड पर रख जाम लगाने का किया प्रयास
काशीपुर, अमृत विचार। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कुंडेश्वरी चौकी के पास पहुंच कर जाम लगाने का प्रयास किया और हादसे के जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया।
कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ग्राम पच्चावाला स्थित बंगाली कॉलोनी निवासी गोपाल विश्वास (19) पुत्र महानंद विश्वास सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे पुरेवाल स्टोन क्रशर से काम कर घर वापस लौट रहा था। जुड़का नंबर एक की टंकी के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत गई। हादसे के बाद चालक वाहन को लेकर फरार हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, मंगलवार दोपहर को आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण शव को लेकर कुंडेश्वरी चौकी पहुंच गए और उन्होंने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। इधर, चौकी प्रभारी विनोद जोशी के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीण वापस लौट गए। मृतक के जीजा राहुल बैरागी ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें- Haldwani News : पत्नी को मिली ऐसी धमकी, कांप गई रूह, खुद को कमरे में बंद कर बुलाई पुलिस, जानें ऐसा क्यों
